अमेरिका के साथ बातचीत को लेकर न कोई कोशिश हुई है, और न होगी: कौसरी
ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के सदस्य कौसरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि, अमेरिका के साथ किसी भी प्रकार की बातचीत के संबंध में न तो कोई पहल की गई है और न ही भविष्य में ऐसा कोई इरादा है। उन्होंने इस तरह की खबरों को पूरी तरह निराधार और भ्रामक बताया।
उन्होंने कहा कि, यह पहली बार नहीं है जब अमेरिकी और इज़रायली नेतृत्व की ओर से बातचीत को लेकर झूठे दावे किए गए हों। उनके अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप, बेंजामिन नेतन्याहू और उनके जैसे अन्य नेता बार-बार ऐसी रणनीति अपनाते रहे हैं, जिसमें गलत जानकारी फैलाकर भ्रम पैदा किया जाता है।
कौसरी ने आगे कहा कि इन ताकतों का मूल स्वभाव ही विभाजन पैदा करना है। वे ऐसी खबरें फैलाते हैं ताकि देश के अंदर लोगों के बीच अविश्वास बढ़े और जनता अपने ही नेतृत्व और संस्थाओं पर संदेह करने लगे।
उन्होंने जोर देकर कहा कि जनता को इन दुष्प्रचारों से सावधान रहने की जरूरत है और हर खबर पर सोच-समझकर प्रतिक्रिया देनी चाहिए। उनके अनुसार, देश के भीतर एकता और जागरूकता बनाए रखना ही ऐसे बाहरी प्रयासों का सबसे प्रभावी जवाब है।
अंत में उन्होंने कहा कि वास्तविकता यह है कि किसी भी प्रकार की बातचीत नहीं हुई है, और इस तरह की अफवाहें केवल माहौल को अस्थिर करने के उद्देश्य से फैलाई जा रही हैं।

