इसी क्षण से लाल सागर में इज़रायली जहाज़ों की आवाजाही प्रतिबंधित: यमनी सशस्त्र बल
यमन की सशस्त्र सेनाओं के प्रवक्ता याह्या सरीअ ने घोषणा की है कि अमेरिका-इज़रायल द्वारा ईरान, फ़िलिस्तीन, लेबनान, इराक़ और यमन में प्रतिरोध धुरी (Axis of Resistance) के विरुद्ध किए जा रहे हमलों के जवाब में तथा तथाकथित “ग्रेटर इज़रायल” परियोजना का मुकाबला करने के लिए यमन ने कार्रवाई की है।
उन्होंने कहा कि, अमेरिकी दुश्मन द्वारा यमन की जनता तथा लेबनान, ग़ाज़ा और ईरान के स्वतंत्र लोगों पर लगाए गए “अन्यायपूर्ण घेराबंदी” को तोड़ने के उद्देश्य से यमन की सशस्त्र सेनाओं ने कई मिसाइलों के माध्यम से कब्ज़े वाले याफ़ा (तेल अवीव क्षेत्र) में स्थित संवेदनशील लक्ष्यों को निशाना बनाया है।
यमन की सशस्त्र सेनाओं ने लाल सागर में इज़रायल के लिए समुद्री नौवहन पर पूर्ण और असीमित प्रतिबंध की घोषणा करते हुए कहा कि, इस बयान के जारी होने के बाद से दुश्मन की किसी भी प्रकार की समुद्री गतिविधि को उनकी सेनाएँ वैध सैन्य लक्ष्य मानेंगी।
यह्या सरीअ ने चेतावनी दी कि, यदि इज़रायल अपने कदम बढ़ाता है तो यमन भी उसी अनुपात में अपनी प्रतिक्रिया को और तेज़ करेगा। उन्होंने कहा कि यमन के सैन्य अभियान लगातार बढ़ते रहेंगे और उन्हें क्षेत्र में चल रही लड़ाई तथा प्रतिरोध धुरी के अन्य पक्षों के साथ समन्वित किया जाएगा।

