ISCPress

इस्राईल भारत के रिश्तों के 30 वर्ष पूरे, अगले साल आएँगे ज़ायोनी प्रधानमंत्री

इस्राईल भारत के रिश्तों के 30 वर्ष पूरे, अगले साल आएँगे ज़ायोनी प्रधानमंत्री

भारत में इस्राईल के राजदूत ने दोनों देशों के रिश्तों की तीसवीं वर्षगांठ के लिए लोगो जारी करते हुए इस्राईली प्रधानमंत्री की भारत यात्रा के बारे में जानकारी दी है।

भारत और इस्राईल के रिश्तों के 30 वर्ष पूरे होने की अवसर पर अगले साल इस्राईल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बैनेट भारत यात्रा पर आएँगे।

भारत में इस्राईल के राजदूत नाओर गिलोन ने दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की 30 वर्ष पूरे होने पर नफ्ताली बैनेट की अगले वर्ष होने वलै भारत यात्रा के बारे में जानकारी दी।

नाओर गिलोन ने इस्राईल में भारत के राजदूत संजीव सिंगला के साथ दोनों देशों के राजनयिक संबंधों की तीसवीं वर्षगांठ के अवसर पर एक प्रतीक चिन्ह जारी किया। इस लोगो को राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान अहमदाबाद के छात्र निखिल कुमार राय ने डिजाइन किया है।

आपको बता दें कि इस्राईल और भारत के बीच औपचारिक रूप से राजनयिक संबंधों की शुरुआत 29 जनवरी 1992 को हुई थी। दोनों देशों के राजनयिक संबंधों की तीसवीं वर्षगांठ के लिए लोगो जारी करते हुए इस्राईली राजदूत ने कहा कि दोनों देशों के बीच अनोखी रणनीतिक साझेदारी है। हमारे बीच मजबूत रणनीतिक साझेदारी सिर्फ कागजों पर नहीं बल्कि जमीनी स्तर पर है।

उन्होंने कहा कि हम भले ही राजनीतिक स्तर पर तीसवीं वर्षगांठ मना रहे हो लेकिन सच्चाई यही है कि यह सदियों पुरानी प्राचीन सभ्यताओं की साझेदारी है। उन्होंने कहा कि इस्राईलऔर भारत के बीच कृषि, जल, रक्षा, आर्थिक,स्वास्थ्य, संस्कृति और शिक्षा आदि क्षेत्रों में व्यापक सहयोग जारी है।

नाओर गिलोन ने कहा कि भारत और इस्राईल के बीच अगले 30 वर्षों तक आपसी सहयोग को बल देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नफताली बैनेट भारत की यात्रा करेंगे। इस कार्यक्रम में वीडियो लिंक के माध्यम से तल अवीव में मौजूद भारतीय राजदूत ने कहा कि इस्राईल और भारत के बीच हमेशा स्थिर रिश्ते रहे हैं। हम अपने नेताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हैं जिन्होंने इस रिश्ते को मजबूती दी है।

संजीव सिंगला ने कहा कि 5 साल पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस्राईल यात्रा के बाद से ही दोनों देशों ने ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था के विकास के लिए एक दूसरे के सहयोग को और मजबूत किया है।

Exit mobile version