Site icon ISCPress

बहरीन में अमेरिकी सैन्य अड्डे के एयर डिफेंस रडार पर आईआरजीसी ने छह ड्रोन से किया हमला

बहरीन में अमेरिकी सैन्य अड्डे के एयर डिफेंस रडार पर आईआरजीसी ने छह ड्रोन से किया हमला

रविवार सुबह जारी एक बयान में आईआरजीसी ने कहा कि उसकी एयरोस्पेस फोर्स ने अमेरिका की आक्रामक कार्रवाई के जवाब में शुरू किए गए अपने अभियान के दूसरे चरण के तहत इस रडार को निशाना बनाया। बयान में कहा गया, “इन ड्रोनों के सटीक और सफल हमलों की आवाज़ बहरीन के विभिन्न हिस्सों में सुनी गई, जो एक बार फिर आईआरजीसी की सैन्य और परिचालन क्षमताओं को दर्शाती है।”

आईआरजीसी ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य को बंद किए जाने के मुद्दे से दुनिया का ध्यान भटकाने के लिए अमेरिका की आलोचना भी की। उसने आरोप लगाया कि अमेरिका सीमित और अंधाधुंध सैन्य कार्रवाइयों के ज़रिए ऐसा करने की कोशिश कर रहा है।

आईआरजीसी के अनुसार, अमेरिका एक ऐसे अभियान में विफल रहा, जिसे जहाज़ों को सुरक्षा प्रदान करने का मिशन बताया गया था, जबकि उसका वास्तविक उद्देश्य रणनीतिक जलमार्ग के ज़रिए तेल की तस्करी करना था।

बयान में आगे कहा गया, “हालांकि, आईआरजीसी के जांबाज युवा अधिकारी एक बार फिर पूरी दृढ़ता के साथ ऐलान करते हैं कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य बंद है और अमेरिकी दुश्मन की किसी भी आक्रामक कार्रवाई का जवाब पहले से अधिक कठोर और करारा दिया जाएगा।”

बयान में यह भी कहा गया कि इस चरण में पिछले चरण की तुलना में अमेरिका के ठिकानों को निशाना बनाने के लिए अधिक संख्या में आईआरजीसी के ड्रोन भेजे गए हैं। आईआरजीसी ने चेतावनी दी कि, उसकी हर आक्रामक कार्रवाई का जवाब सख़्त और पूरी रणनीति के तहत दिया जाएगा।

इससे पहले शुक्रवार को आईआरजीसी ने घोषणा की थी कि उसकी एयरोस्पेस फोर्स ने बहरीन में एक सटीक हमले के जरिए अमेरिकी सेना के एक प्रारंभिक चेतावनी रडार (Early-Warning Radar) को नष्ट कर दिया है।

उस बयान में बहरीन पर किए गए हमले को “आक्रामक दुश्मन के लिए एक गंभीर चेतावनी” बताया गया था और अमेरिका से अपनी हवाई उकसावे की कार्रवाइयां तथा होर्मुज़ जलडमरूमध्य में तेल की तस्करी बंद करने को कहा गया था।

यह घटनाक्रम ईरान के ख़िलाफ़ जारी अमेरिका और इस्राईल के युद्ध के बीच सामने आया है। यह युद्ध 28 फरवरी को इस्लामी क्रांति के नेता आयतुल्लाह सैयद अली ख़ामेनेई और कई वरिष्ठ सैन्य कमांडरों की हत्या के साथ शुरू हुआ था।

इसके जवाब में ईरानी सेना ने फारस की खाड़ी के विभिन्न देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों और सैन्य परिसंपत्तियों पर मिसाइलों तथा ड्रोनों से कई बार हमले किए हैं। इन हमलों में बहरीन स्थित सैन्य सुविधाएं भी शामिल हैं। ईरान ने बार-बार प्रारंभिक चेतावनी देने वाले रडारों और वायु रक्षा प्रणालियों को निशाना बनाया है।

ईरान के पिछले सैन्य अभियानों से क्षेत्र में अमेरिका की निगरानी और रक्षा क्षमताओं को नुकसान पहुंचा है। वहीं, अमेरिकी सेनाओं ने ईरानी क्षेत्र पर हमले जारी रखे हैं, जिनमें नागरिक ठिकानों और बुनियादी ढांचे से जुड़ी सुविधाओं को भी निशाना बनाया गया है।

ईरानी अधिकारियों ने बार-बार चेतावनी दी है कि भविष्य में किसी भी तरह की आक्रामक कार्रवाई का जवाब और व्यापक स्तर पर दिया जाएगा तथा यह जवाब किसी भौगोलिक सीमा तक सीमित नहीं रहेगा। ईरान ने विशेष रूप से होर्मुज़ जलडमरूमध्य की रक्षा को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है और कहा है कि इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आक्रामकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Exit mobile version