Site icon ISCPress

IRGC का दावा: हॉर्मुज़ में बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद तीन टैंकरों में लगी आग

IRGC का दावा: हॉर्मुज़ में बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद तीन टैंकरों में लगी आग

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना ने दावा किया है कि हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य में समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद ऊर्जा से जुड़े तीन टैंकरों में आग लग गई।

IRGC की नौसेना के अनुसार, इन तीनों टैंकरों ने अपने रडार और नेविगेशन सिस्टम बंद कर दिए थे। इसके बाद वे जलडमरूमध्य के उस दक्षिणी मार्ग से निकलने की कोशिश कर रहे थे, जिसे ईरान ने अनधिकृत घोषित कर रखा है। इसी दौरान वे बारूदी सुरंगों की चपेट में आ गए।

IRGC की नौसेना ने यह भी दावा किया है कि, उसने हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य के पश्चिम में अमेरिका के एक ‘जासूसी और धोखा देने वाले’ ड्रोन को पकड़ लिया है।

IRGC ने CENTCOM से हॉर्मुज़ में समुद्री बारूदी सुरंगें पूरी तरह हटाए जाने का सबूत मांगा

इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के प्रवक्ता ने अमेरिकी सेना के उस दावे को चुनौती दी है, जिसमें कहा गया था कि हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य से सभी समुद्री बारूदी सुरंगें पूरी तरह हटा दी गई हैं।

IRGC के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल हुसैन मोहिब्बी ने अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) से कहा कि वह जलडमरूमध्य से बारूदी सुरंगें हटाए जाने के अपने दावे को स्वतंत्र सबूतों के माध्यम से साबित करे।

मोहिब्बी ने एक पोस्ट में कहा, “हॉर्मुज़ में बारूदी सुरंगें हटाए जाने के अमेरिकी दावे को केवल बयान देकर नहीं, बल्कि स्वतंत्र सबूतों के जरिए साबित किया जाए।” उन्होंने आगे कहा, “हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य की वास्तविक स्थिति आसमान, जमीन और समुद्र में तय होती है—साइबरस्पेस और अमेरिकी मीडिया के युद्ध-कक्षों में नहीं।”

उनकी यह टिप्पणी IRGC की नौसेना के उस बयान के बाद आई, जिसमें कहा गया था कि जलडमरूमध्य में समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े तीन टैंकरों में आग लग गई।

Exit mobile version