ईरान ने इज़रायली हमलों के संचालन में अमेरिका की प्रत्यक्ष भूमिका का खुलासा किया”
पश्चिम एशिया में जारी हालात पर ईरान के विदेश मंत्रालय के कानूनी और अंतरराष्ट्रीय मामलों के उपमंत्री काज़िम ग़रीबाबादी ने कहा है कि, लेबनान, सीरिया और कब्ज़े वाले यरुशलम में हो रहे घटनाक्रम एक सच्चाई को और स्पष्ट कर रहे हैं। उनके अनुसार, क्षेत्र का संकट किसी बिखरे हुए तनाव का परिणाम नहीं, बल्कि इज़रायली शासन के उन लगातार अपराधों का नतीजा है जो देशों की संप्रभुता का उल्लंघन करते हैं, युद्ध-विराम को अर्थहीन बना देते हैं और फ़िलिस्तीनी पवित्र स्थलों का अपमान करते हैं।
ग़रीबाबादी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को केवल चिंता व्यक्त करने और सामान्य अपीलों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इज़रायल के खिलाफ दंडात्मक और बाध्यकारी निर्णय लेने चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि केवल औपचारिक निंदा और निष्प्रभावी प्रतिक्रियाओं से अंतरराष्ट्रीय कानून की रक्षा नहीं की जा सकती।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि अमेरिकी राष्ट्रपति का यह दावा कि उन्होंने बेंजामिन नेतन्याहू को बेरूत पर बड़े हमले से रोक दिया, शांति स्थापना का संकेत कम और इज़राक्षली कार्रवाइयों के प्रबंधन में अमेरिका की प्रत्यक्ष भूमिका का प्रमाण अधिक है।
ग़रीबाबादी ने आगे सवाल उठाया कि यदि किसी स्वतंत्र देश की राजधानी पर हमले का फैसला केवल एक फोन कॉल से बदला जा सकता है, तो फिर महीनों से युद्ध-विराम उल्लंघन, लेबनान पर हमले, लोगों का विस्थापन और उसकी संप्रभुता को खतरे में डालने वाली कार्रवाइयाँ पश्चिमी देशों के राजनीतिक और सैन्य समर्थन के साथ क्यों जारी रहीं।

