Site icon ISCPress

अगर यूएई ने ईरान के खिलाफ कोई कार्रवाई की, तो उसका करारा और पछताने वाला जवाब दिया जाएगा: ख़ातमुल-अंबिया

अगर यूएई ने ईरान के खिलाफ कोई कार्रवाई की, तो उसका करारा और पछताने वाला जवाब दिया जाएगा: ख़ातमुल-अंबिया

ईरान के ख़ातमुल-अंबिया केंद्रीय मुख्यालय के प्रवक्ता ने संयुक्त अरब अमीरात को चेतावनी देते हुए कहा:

यदि यूएई (अमीरात) की धरती से ईरान के खिलाफ कोई कार्रवाई की गई, तो उसका करारा और पछतावा दिलाने वाला जवाब दिया जाएगा। ख़ातमुल-अंबिया केंद्रीय मुख्यालय के प्रवक्ता ने कहा कि पिछले दिनों ईरानी सशस्त्र बलों ने संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ किसी भी प्रकार का मिसाइल या ड्रोन हमला नहीं किया है।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा,

“यदि ऐसी कोई कार्रवाई की गई होती, तो हम पूरी दृढ़ता और स्पष्टता के साथ उसकी घोषणा करते। इसलिए अमीरात के रक्षा मंत्रालय की रिपोर्ट को हम पूरी तरह खारिज करते हैं और इसे बेबुनियाद बताते हैं।”

प्रवक्ता ने अमीरात के अधिकारियों और शासकों को संबोधित करते हुए कहा, “आपका देश एक इस्लामी सरज़मीन होने के नाते अमेरिका, ज़ायोनी ताक़तों (इज़रायल) और उनके सैन्य बलों व उपकरणों का अड्डा नहीं बनना चाहिए, और न ही इस तरह इस्लामी दुनिया तथा मुसलमानों के साथ विश्वासघात करना चाहिए।”

उन्होंने कहा,

“आपको अमेरिका और ज़ायोनी शक्तियों के जाल में नहीं फँसना चाहिए। उनके साथ सहयोग करने के बजाय, मुस्लिम ईरान के खिलाफ मीडिया हमले, झूठे आरोप और दुष्प्रचार का रास्ता नहीं अपनाना चाहिए।”

प्रवक्ता ने अफसोस जताते हुए कहा कि आज अमीरात क्षेत्र में अमेरिका और ज़ायोनी शक्तियों के प्रमुख ठिकानों में से एक बन गया है, जिन्हें उन्होंने इस्लामी जगत का दुश्मन और क्षेत्र में असुरक्षा का मुख्य कारण बताया। उनके अनुसार, वहाँ इन शक्तियों के बड़े पैमाने पर सैन्य बल और उपकरण तैनात हैं।

उन्होंने कहा, “प्रचार, झूठे आरोप और खुद को पीड़ित दिखाने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा और इससे केवल अंतरराष्ट्रीय माहौल दूषित होगा।”

उन्होंने आगे कहा,

“अब तक हमने आपकी दुष्प्रचार गतिविधियों और इस्लामी उम्मत व ईरान के दुश्मनों की सहायता के बावजूद संयम बरता है, तो वह सिर्फ इसलिए कि उस देश में रहने वाले अपने मुस्लिम भाइयों और बहनों की सुरक्षा का ध्यान रखा जाए।”

अंत में उन्होंने चेतावनी दी, “यदि अमीरात की धरती से ईरान के द्वीपों, बंदरगाहों या समुद्री तटों के खिलाफ कोई कार्रवाई की गई, तो उसका बहुत सख्त और पछतावा दिलाने वाला जवाब दिया जाएगा।”

Exit mobile version