अगर आइज़ेनकोट की सरकार बनी, तो उसे गिराने की कोशिश करेंगे: नेतन्याहू
बेंजामिन नेतन्याहू ने भविष्य में इस्राईल के क़ब्ज़े वाले फिलिस्तीनी क्षेत्रों में शासन करने वाले शासन की नई सरकार के गठन में विफल रहने की स्थिति में राजनीतिक क्षेत्र से संन्यास लेने की संभावना को ख़ारिज करते हुए कहा कि, यदि गादी आइज़ेनकोट के नेतृत्व में भी सरकार सत्ता में आती है, तो वे उसे गिराने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने ईरान की ओर से तत्काल ख़तरा न होने संबंधी आइज़ेनकोट के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए यह भी ज़ोर दिया कि, तेहरान का ख़तरा अब भी कायम है और उसका मुकाबला करना आवश्यक है। इस्राईल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने लिकुड पार्टी के संसदीय दल की बैठक में कहा कि, यदि भविष्य में गादी आइज़ेनकोट के नेतृत्व में सरकार बनती है, तब भी उनका राजनीतिक क्षेत्र से संन्यास लेने का कोई इरादा नहीं है।
नेतन्याहू ने इस बैठक में कहा:
“भले ही एक खराब सरकार बन जाए, लेकिन इस्राईल योग्य लोगों से वंचित नहीं है; हम उस सरकार को गिरा देंगे।” उनका यह बयान ऐसे समय में आया है, जब कुछ जनमत सर्वेक्षणों में आइज़ेनकोट की पार्टी को लिकुड पार्टी से आगे बताया जा रहा है और नेतन्याहू के सत्ता खोने की संभावना जताई जा रही है।
नेतन्याहू इससे पहले भी बंद दरवाज़ों के पीछे हुई बातचीत में ज़ोर दे चुके हैं कि, यदि वे भविष्य की सरकार बनाने में असमर्थ रहते हैं, तब भी वे लिकुड पार्टी के नेतृत्व से इस्तीफा नहीं देंगे। उन्होंने कहा था कि यदि वे चुनाव में हार जाते हैं, तो विपक्ष के नेता की भूमिका निभाएंगे, ताकि अगले चुनाव में फिर से सत्ता में लौट सकें।
बता दें कि, आइज़ेनकोट ने इससे पहले ईरान को इस्राईल के लिए सबसे ख़तरनाक ख़तरा बताया था। हालांकि, उनका मानना था कि मौजूदा परिस्थितियों में ऐसा कोई तत्काल ख़तरा नहीं है, जिसके कारण पहले से सैन्य कार्रवाई करना आवश्यक हो।नेतन्याहू ने व्यापक एकता सरकार के गठन की भी मांग की और कहा कि इस्राईल के अधिकांश नागरिक इस क़दम के पक्ष में हैं।

