Site icon ISCPress

हिज़्बुल्लाह ने सीरिया में अल-जूलानी सरकार के दावों को खारिज किया

हिज़्बुल्लाह ने सीरिया में अल-जूलानी सरकार के दावों को खारिज किया

हिज़्बुल्लाह (Hezbollah) के मीडिया विभाग ने अल-जूलानी सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा लगाए गए उन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें लेबनानी प्रतिरोध से जुड़े एक कथित गिरोह को खत्म करने का दावा किया गया था।

हिज़्बुल्लाह ने आरोपों को सख्ती से नकारते हुए कहा है कि संगठन का सीरिया की भूमि पर कोई सक्रिय ढांचा या उपस्थिति नहीं है। हिज़्बुल्लाह के मीडिया विभाग ने जारी बयान में इन आरोपों को “बेबुनियाद” और “राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित” बताया।

इससे पहले सीरियाई अधिकारियों ने दावा किया था कि, हिज़्बुल्लाह से जुड़ा एक कथित नेटवर्क देश के भीतर सुरक्षा-संबंधी गतिविधियों की योजना बना रहा था। इस दावे के बाद क्षेत्रीय राजनीतिक हलकों में नई बहस शुरू हो गई है।

हिज़्बुल्लाह ने अपने बयान में कहा कि वह सीरिया और लेबनान के ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संबंधों को महत्वपूर्ण मानता है, और दोनों देशों के बीच तनाव पैदा करने वाली किसी भी कोशिश को क्षेत्रीय स्थिरता के लिए नुकसानदेह समझता है।

संगठन ने यह भी कहा कि सीरिया में शांति, सुरक्षा और स्थिरता कायम रहना पूरे क्षेत्र के हित में है, क्योंकि वहां अस्थिरता का असर पड़ोसी देशों, खासकर लेबनान, पर भी पड़ सकता है।

बयान के अंत में हिज़्बुल्लाह ने दोहराया कि उसका ध्यान क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों और सीमाई तनावों पर है, जबकि सीरिया के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप के आरोपों को उसने पूरी तरह अस्वीकार किया।

Exit mobile version