Site icon ISCPress

कांग्रेस बिहार विधानसभा चुनाव में पूरी तैयारी और दमख़म के साथ मैदान में हैं: पवन खेड़ा

कांग्रेस बिहार विधानसभा चुनाव में पूरी तैयारी और दमख़म के साथ मैदान में हैं: पवन खेड़ा

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने गुरुवार को जयपुर में दावा किया कि बिहार में महागठबंधन में सब कुछ ठीक है और बिहार बदलाव के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि भाजपा को आगामी चुनावों में निराशा हाथ लगेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ रही है। हमारा गठबंधन सुव्यवस्थित और मजबूत है।

उन्होंने आरजेडी के उस वादे का भी समर्थन किया, जिसमें सरकार बनने पर बिहार के हर घर में सरकारी नौकरी देने की बात कही गई है। पवन खेड़ा ने कहा, “आरजेडी ने पहले भी सरकारी नौकरियां दी हैं, यह कोई खोखला वादा नहीं, बल्कि एक संकल्प है, जिसे पूरा किया जाएगा।”

खेड़ा ने महागठबंधन में मुख्यमंत्री के चेहरे के सवाल पर कहा कि भाजपा को विवाद पैदा नहीं करना चाहिए। भाजपा ने महाराष्ट्र चुनाव में वादा किया था कि, वह एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाएंगे और वही हमारे चुनाव के चेहरे हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद उन्हें एक कोने में बैठा दिया गया। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस पार्टी सामाजिक समरसता और समानता के लिए प्रतिबद्ध है और वह हर उस मुद्दे को उठाएगी, जो समाज के कमजोर वर्गों के हितों से जुड़ा है।

कांग्रेस प्रवक्ता खेड़ा ने राजस्थान में भजनलाल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल राजस्थान ही नहीं, बल्कि भाजपा शासित अन्य राज्यों में अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है। दलितों पर अत्याचार हो रहा है। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पर जूता फेंका गया। इतनी हिम्मत इन लोगों में इसलिए आ गई है क्योंकि इन्हें पता है कि उन्हें एक पावरफुल व्यक्ति का सानिध्य मिला हुआ है।

खेड़ा ने राजस्थान सरकार को लेकर कहा कि नई सरकार बनने पर दो ढाई साल तक उसका हनीमून पीरियड होता है, लेकिन राजस्थान में तो 6 महीने में ही यह पीरियड समाप्त हो गया। राजस्थान में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। एसएमएस हॉस्पिटल में हादसा हो गया। कफ सिरप पीकर बच्चे मर रहे हैं। मुख्यमंत्री कोई जवाब नहीं दे रहे, मुख्यमंत्री को प्रशासनिक अनुभव नहीं है। यह सरकार चुनाव से पहले ही अपना बहुमत खो देगी।

Exit mobile version