Site icon ISCPress

चीन ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामनेई के चयन के प्रति समर्थन जताया 

चीन ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामनेई के चयन के प्रति समर्थन जताया 

चीन के विदेश मंत्रालय ने ईरान में आयतुल्लाह सैयद मुजतबा ख़ामनेई को इस्लामी गणराज्य ईरान का तीसरा नेता चुने जाने पर अपनी पहली प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, ईरान में नेता का चयन एक आंतरिक निर्णय है, जो उसके संविधान के अनुसार किया गया है।

चीन के विदेश मंत्रालय ने ईरान में नए सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह सैयद मोजतबा ख़ामनेई के चयन का समर्थन करते हुए कहा कि चीन ईरान की संप्रभुता और उसके राजनीतिक निर्णयों का सम्मान करता है। चीन ने साफ शब्दों में कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका और इज़राइल को ईरान के नए नेता या उसकी राजनीतिक व्यवस्था को निशाना बनाने की किसी भी कोशिश से बचना चाहिए।

चीन ने यह भी कहा कि ईरान में नेतृत्व का चयन पूरी तरह उसका आंतरिक और संवैधानिक मामला है और किसी बाहरी देश को इसमें हस्तक्षेप करने का अधिकार नहीं है। बीजिंग ने जोर देकर कहा कि ईरान की संप्रभुता, सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए और क्षेत्र में सैन्य तनाव को तुरंत कम किया जाना चाहिए।

विश्लेषकों के अनुसार, दुनिया की बड़ी शक्तियों में से एक चीन का यह समर्थन ईरान की कूटनीतिक सफलता माना जा रहा है। इससे यह संकेत मिलता है कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर ईरान को अभी भी मजबूत राजनीतिक समर्थन मिल रहा है और नया नेतृत्व वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त कर रहा है।

दूसरी ओर, ईरान के भीतर भी नए नेता के चयन के बाद कई शहरों में लोगों ने समर्थन और एकता का प्रदर्शन किया। रिपोर्टों के अनुसार, बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर निकले और उन्होंने नए नेतृत्व के प्रति वफादारी जताई तथा देश की स्थिरता और मजबूती की कामना की।

विशेषज्ञों का मानना है कि आयतुल्लाह मोजतबा ख़ामनेई के नेतृत्व में ईरान अपनी नीतियों को आगे बढ़ाने और क्षेत्रीय स्तर पर अपनी स्थिति को मजबूत करने की कोशिश करेगा, जबकि चीन जैसे देशों का समर्थन उसे कूटनीतिक और रणनीतिक मजबूती दे सकता है।

Exit mobile version