जब तक सांसें बाकी हैं, इराक़ में आतंकियों की वापसी नहीं होने देंगे: कताइब हिज़्बुल्लाह
कताइब हिज़्बुल्लाह के महासचिव अबू हुसैन अल-हमीदावी ने एक बयान जारी कर चेतावनी दी है कि अमेरिका और इस्राईल के हित में कोई भी क़दम नहीं उठाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि, संगठन इराक़ के प्रधानमंत्री के साथ अपने मतभेदों को आपसी बातचीत के माध्यम से सुलझा लेगा।
अबू हुसैन अल-हमीदावी ने बयान जारी कर प्रतिरोध आंदोलन का समर्थन करने वाले सभी वर्गों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने वैश्विक साम्राज्यवादी शक्तियों की साजिशों के प्रति सतर्क रहने और देश के भीतर एकता बनाए रखने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया।
उन्होंने अपने बयान की शुरुआत में वैश्विक साम्राज्यवादी शक्तियों के क्रूर हमलों के विरुद्ध कताइब हिज़्बुल्लाह के समर्थन में खड़े होने वाले प्रतिरोध आंदोलन के सभी वर्गों का धन्यवाद किया।
उन्होंने हश्द अल-शाबी (इराकी जन-मोबलाइजेशन फोर्सेज) की ओर से हिज़्बुल्लाह के लड़ाकों के साथ एकजुटता प्रदर्शित करने की सराहना की। साथ ही, उन्होंने मीडिया से जुड़े लोगों से अपील की कि वे अपने हमलों और आलोचनाओं का निशाना साम्राज्यवादी शक्तियों तथा इस्राईली शासन को बनाएं।
ज़र्फ अल-नस्र को लेकर इराक़ में राजनीतिक विवाद
गौरतलब है कि इराक़ की सरकार ने हाल ही में ज़र्फ अल-नस्र क्षेत्र में तेल की तस्करी होने का आरोप लगाया था। इस आरोप को कताइब हिज़्बुल्लाह पर दबाव बनाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
आतंकवादी संगठनों को ज़र्फ अल-नस्र से खदेड़ने के बाद इराक़ी हिज़्बुल्लाह के लड़ाके इस क्षेत्र में तैनात हुए थे। कताइब हिज़्बुल्लाह ने तेल तस्करी के आरोपों को पूरी तरह ख़ारिज करते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय पर आरोप लगाया कि वह इस संगठन पर दबाव बनाने और उसे अपने हथियार छोड़ने के लिए मजबूर करने के उद्देश्य से झूठे मामले तैयार कर रहा है।
राजनीतिक विश्लेषक मुईद अल-अली ने भी हाल ही में चेतावनी दी थी कि, ज़र्फ अल-नस्र के मुद्दे को लेकर विदेशी ताकतें इराक़ में आंतरिक संघर्ष भड़काने की योजना बना सकती हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका नहीं चाहता कि इस क्षेत्र से आतंकवाद का ख़तरा पूरी तरह समाप्त हो जाए।
अल-अली के अनुसार, ज़र्फ अल-नस्र का सामरिक महत्व बेहद अधिक है, क्योंकि यह आतंकवादी संगठनों का एक महत्वपूर्ण ठिकाना और रणनीतिक केंद्र रहा है। यही कारण था कि, प्रतिरोध आंदोलन के लड़ाकों ने अनिवार्य जिहाद के फ़तवे के बाद आतंकवादी संगठनों के क़ब्ज़े से इस क्षेत्र को अन्य कई इलाक़ों से पहले आज़ाद कराया था। इसकी मुक्ति आतंकवाद के विरुद्ध सैन्य अभियानों की प्राथमिकताओं में शामिल थी।
उन्होंने आगे कहा कि ज़र्फ अल-नस्र क्षेत्र बग़दाद, बाबिल, कर्बला और अनबार प्रांतों को आपस में जोड़ता है। इसी भौगोलिक स्थिति के कारण आतंकवादी संगठन इसे अपने अभियानों और योजनाओं के लिए एक रणनीतिक क्षेत्र मानते रहे हैं। इस क्षेत्र के बिना उनके लिए अपना सामाजिक आधार और सैन्य गतिविधियों को समर्थन देने वाला नेटवर्क तैयार करना बेहद मुश्किल है।
इस राजनीतिक विश्लेषक ने अंत में कहा कि ज़र्फ अल-नस्र को लेकर हाल की और मौजूदा गतिविधियों के पीछे विदेशी ताक़तों के उद्देश्य और योजनाएं हो सकती हैं। विशेष रूप से अमेरिका इराक़ में अशांति और आंतरिक संघर्ष की स्थिति पैदा करना चाहता है, ताकि शिया प्रतिरोध की सैन्य शक्ति और इराक़ के पवित्र धार्मिक स्थलों की सुरक्षा की गारंटी देने वाली ताक़त को कमज़ोर किया जा सके।
ईरान और प्रतिरोध आंदोलन के समर्थन में मीडिया की भूमिका
कताइब हिज़्बुल्लाह के महासचिव ने अपने बयान में कहा कि मीडिया का विमर्श सत्य और न्याय के मोर्चे अर्थात इस्लामी गणराज्य ईरान के समर्थन में होना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इराक़ के प्रधानमंत्री के साथ संगठन के जो भी मतभेद और समस्याएं हैं, उन्हें विशेष संवाद माध्यमों के जरिए सुलझा लिया जाएगा, ताकि मुख्य दुश्मनों को किसी प्रकार का अवसर न मिल सके।
जब तक सांसें बाकी हैं, आतंकियों को लौटने नहीं देंगे
अबू हुसैन अल-हमीदावी ने कताइब हिज़्बुल्लाह के लड़ाकों को संबोधित करते हुए दृढ़ता के साथ कहा:
“जब तक हमारे शरीर में सांस बाकी है, हम हत्यारों, अपराधियों और आईएसआईएस आतंकवादियों को दोबारा लौटने की इजाजत नहीं देंगे। इसलिए आप निश्चिंत रहें और अपने दैनिक कार्यों को सामान्य रूप से जारी रखें। हम पहले की तरह आपके और अपने पवित्र धार्मिक स्थलों के लिए एक मज़बूत ढाल बनकर खड़े रहेंगे।”
उनके इस बयान में प्रतिरोध आंदोलन की एकता बनाए रखने, विदेशी हस्तक्षेप का मुकाबला करने और इराक को दोबारा आतंकवाद के हवाले न होने देने के संकल्प को प्रमुखता दी गई है।

