Site icon ISCPress

अंसारुल्लाह का दावा: 45 सऊदी सैनिक और अधिकारी मारे गए

अंसारुल्लाह का दावा: 45 सऊदी सैनिक और अधिकारी मारे गए

यमन की सेना ने सऊदी सैनिकों और अधिकारियों को निशाना बनाते हुए असीर और नजरान क्षेत्रों में हमले किए, जिनमें भारी संख्या में सऊदी सैनिकों के हताहत होने का दावा किया गया है।

फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी के अंतरराष्ट्रीय विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, अंसारुल्लाह आंदोलन के राजनीतिक कार्यालय के सदस्य मोहम्मद अल-फ़रह ने बताया कि इन हमलों में 45 सऊदी अधिकारी और सैनिक मारे गए, जबकि 100 अन्य घायल हुए हैं। ये हमले सऊदी अरब के असीर और नजरान क्षेत्रों में किए गए।

कुछ समय पहले ही समाचार सूत्रों ने इन हमलों के बाद नजरान में कई विस्फोटों की आवाज़ें सुने जाने की खबर दी थी। वहीं, सऊदी नागरिक सुरक्षा विभाग ने भी जानकारी दी कि नजरान में खतरे के सायरन सक्रिय कर दिए गए थे।

यमनी सेना का सऊदी समर्थित लड़ाकों पर हमला

यमनी सेना ने इसी सप्ताह सऊदी अरब के समर्थन से लड़ने वाले लड़ाकों को भी निशाना बनाया था।

यमन के सशस्त्र बलों के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सरीअ ने सोमवार को दक्षिणी यमन के शबवा प्रांत में स्थित सैन्य शिविर ‘अल-अलम’ पर हमले की जानकारी दी।

याह्या सरीअ ने बताया कि इस सैन्य शिविर का प्रबंधन सऊदी अधिकारी करते हैं। उन्होंने कहा कि हमलों के दौरान सऊदी अरब के लिए लड़ने वाले दर्जनों लड़ाके मारे गए और घायल हुए। हताहतों में सऊदी अधिकारी भी शामिल थे।

यमन के सशस्त्र बलों के प्रवक्ता ने उन लोगों को चेतावनी दी, जिन्हें गुमराह किया गया है। उन्होंने उनसे अपील की कि वे सऊदी अरब के उन प्रस्तावों के झांसे में न आएँ, जिनके तहत उन्हें पैसे का लालच देकर युद्ध में धकेला जाता है और सऊदी सैनिकों की जगह उन्हें मौत के मुँह में झोंक दिया जाता है।

Exit mobile version