Site icon ISCPress

ट्रंप के दामाद की असाधारण स्वीकारोक्ति: इस्राईल की नीतियों से बढ़ रहा उसका वैश्विक अलगाव

ट्रंप के दामाद की असाधारण स्वीकारोक्ति: इस्राईल की नीतियों से बढ़ रहा उसका वैश्विक अलगाव

डोनाल्ड ट्रंप के दामाद और शांति मामलों के विशेष दूत जारेड कुशनर ने इस्राईल की मौजूदा नीतियों को लेकर चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि इस्राईल ने अपना वर्तमान रास्ता जारी रखा, तो वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बहिष्कृत देश बन जाएगा। मंगलवार को समाचार एजेंसी इरना ने न्यूज़मैक्स टेलीविजन नेटवर्क के हवाले से बताया कि ट्रंप के दामाद ने कहा कि इस्राईल के सामने एक विकल्प है: “या तो वह अपनी सुरक्षा मज़बूत करे और अंतरराष्ट्रीय संबंधों का विस्तार करे, या फिर और अधिक अलग-थलग पड़ जाए।”

कुशनर की यह स्वीकारोक्ति ऐसे समय में सामने आई है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन में इस्राईल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की उस अमेरिकी समर्थित योजना को आगे बढ़ाने में अनिच्छा को लेकर निराशा बढ़ रही है, जिसका उद्देश्य ग़ाज़ा पट्टी का पुनर्निर्माण करना है। ट्रंप के यहूदी मूल के दामाद ने आगे कहा कि 7 अक्टूबर 2023 के हमलों के बाद इस्राईल के पास पहले से अधिक शक्तिशाली होकर उभरने का अवसर था। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि, यदि इस्राईल ने अपना वर्तमान रास्ता जारी रखा, तो वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग पड़ जाएगा।

कुशनर ने ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान कुछ अरब देशों को ‘अब्राहम समझौते’ (अरब देशों और इस्राईल के बीच संबंधों को सामान्य बनाने का समझौता) में शामिल कराने के लिए बातचीत में भूमिका निभाई थी। अब वह ग़ाज़ा शांति परिषद की कार्यकारी समिति के सदस्यों में भी शामिल हैं। यह परिषद युद्ध के बाद इस तटीय क्षेत्र के पुनर्निर्माण के प्रयासों की निगरानी करती है। हालांकि, फिलहाल यह तथाकथित पहल हमास के निरस्त्रीकरण, इस्राईली सैनिकों की वापसी और एक नए फ़िलिस्तीनी राज्य की स्थापना को लेकर मतभेदों के कारण ठप पड़ी है।

इस्राईल के क़ब्ज़े वाले क्षेत्रों से प्रकाशित समाचार पत्र ‘द टाइम्स ऑफ इस्राईल’ ने कुछ समय पहले इस संबंध में रिपोर्ट दी थी कि हमास ने जुलाई महीने में एक ऐसे ढांचे पर सहमति जताई थी, जिसके तहत इस्राईली सैनिकों की वापसी के साथ-साथ वह धीरे-धीरे अपने हथियार छोड़ देगा। लेकिन नेतन्याहू इस बात पर ज़ोर दे रहे हैं कि इस्राईली सैनिकों की वापसी से पहले हमास को पूरी तरह निरस्त्र किया जाना चाहिए।

अमेरिकी समाचार पत्र ‘ज्यूइश इनसाइडर’ की रिपोर्ट के अनुसार, कुशनर ने अगस्त में नेतन्याहू पर पुनर्निर्माण पहल के अगले चरण को आगे बढ़ाने के लिए दबाव डालने के उद्देश्य से यरुशलम का दौरा किया था, लेकिन नेतन्याहू इसके लिए सहमत नहीं हुए। कुशनर ने कल अपने एक साक्षात्कार में गाजा युद्ध समाप्त करने और इज़राइली बंधकों की वापसी सुनिश्चित करने के लिए बातचीत करने की ट्रंप प्रशासन की क्षमता को लेकर नेतन्याहू के संदेह पर भी बात की। उन्होंने कहा, “बीबी (बेंजामिन नेतन्याहू का उपनाम) को नहीं लगता था कि हम यह काम कर पाएंगे।”

Exit mobile version