Site icon ISCPress

ट्रंप के बाद नेतन्याहू ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मदद की अपील की

ट्रंप के बाद नेतन्याहू ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मदद की अपील की

ईरान और इज़रायल के बीच बढ़ते तनाव और लगातार हो रहे हमलों के बीच, बेंजामिन नेतन्याहू ने अब खुलकर अन्य देशों से हस्तक्षेप की मांग की है। इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप भी कई बार वैश्विक समर्थन जुटाने की अपील कर चुके हैं, और अब नेतन्याहू भी उसी दिशा में सक्रिय नजर आ रहे हैं।

ईरान के ताज़ा हमलों के बाद नेतन्याहू ने दक्षिणी इज़राइल के शहर आराद का दौरा किया, जहां बड़ी संख्या में लोग अपने घर छोड़ने पर मजबूर हुए हैं। हमलों में कई इमारतों को नुकसान पहुंचा और स्थानीय लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल देखा गया। राहत और बचाव कार्य जारी हैं, जबकि प्रशासन प्रभावित लोगों को अस्थायी ठिकानों पर पहुंचाने में जुटा है।

इस दौरे के दौरान नेतन्याहू ने कहा कि अब यह संघर्ष सिर्फ इज़राइल का नहीं रह गया है, बल्कि इसे क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा के नजरिए से देखा जाना चाहिए। उन्होंने दुनिया के अन्य देशों से अपील की कि वे “ईरान के खिलाफ सख्त कदम उठाने के लिए इज़राइल के साथ खड़े हों।”

नेतन्याहू ने यह भी दावा किया कि कुछ देशों ने पहले ही इस दिशा में कदम उठाने शुरू कर दिए हैं, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए यह पर्याप्त नहीं है। उनके मुताबिक, “स्थिति को नियंत्रण में लाने और ईरान के हमलों को रोकने के लिए और व्यापक अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई की जरूरत है।”

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बयान इज़राइल की बढ़ती चिंता और दबाव को दर्शाता है। लगातार हमलों के बीच इज़रायल अब कूटनीतिक स्तर पर अपने सहयोगियों को सक्रिय करने की कोशिश कर रहा है, ताकि संघर्ष का दायरा बदल सके और ईरान पर दबाव बढ़ाया जा सके।

वहीं, इस पूरे घटनाक्रम ने मध्य पूर्व में तनाव को और बढ़ा दिया है, जिससे क्षेत्रीय स्थिरता पर गंभीर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

Exit mobile version