Site icon ISCPress

मक्का समझौते के तहत इस्तांबुल में होगी तुर्की, पाकिस्तान और सऊदी अरब की पहली बैठक

इस्तांबुल: मक्का समझौते के तहत गठित राजनीतिक एवं रक्षा संबंधी रणनीतिक समिति की पहली बैठक सोमवार को तुर्की के इस्तांबुल में आयोजित की जाएगी।

तुर्की के विदेश मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में विदेश मंत्री हाकान फिदान, रक्षा मंत्री याशार गुलर और सेना के चीफ ऑफ जनरल स्टाफजनरल सेल्चुक बायराक्तारोग्लू के शामिल होने की उम्मीद है।

वहीं पाकिस्तान की ओर से विदेश मंत्री मुहम्मद इसहाक डार, संघीय रक्षा मंत्री ख्वाजा मुहम्मद आसिफ और सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल असीम मुनीर के बैठक में भाग लेने की संभावना है।

सऊदी अरब का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री फैसल बिन फरहान, रक्षा मंत्री खालिद बिन सलमान और चीफ ऑफ जनरल स्टाफ जनरल फयाज़ बिन हामिद अल-रुवैली करेंगे।

यह रणनीतिक समिति तुर्की, पाकिस्तान और सऊदी अरब के विदेश एवं रक्षा मंत्रियों तथा तीनों देशों के सेना प्रमुखों पर आधारित है। इसका उद्देश्य मक्का साझा रक्षा समझौते के तहत होने वाली गतिविधियों के लिए रणनीतिक दिशा और प्राथमिकताएं निर्धारित करना है।

बैठक में अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ तीनों देशों की रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने और उनके सशस्त्र बलों के बीच बेहतर तालमेल बढ़ाने पर चर्चा होने की उम्मीद है।

इसके अलावा रक्षा उद्योग के क्षेत्र में सहयोग को गहरा करने, संयुक्त उत्पादन, अनुसंधान एवं विकास तथा आतंकवाद के खिलाफ संयुक्त प्रयासों को मजबूत करने जैसे मुद्दे भी बैठक के एजेंडे में शामिल होंगे।

बैठक में समिति के तहत होने वाले संयुक्त कार्यों के लिए सचिवालय और अन्य संबंधित तंत्र की रूपरेखा तय किए जाने की भी संभावना है। साथ ही आने वाले समय में उठाए जाने वाले कदमों के लिए एक रोडमैप तैयार किया जा सकता है।

इस बैठक को क्षेत्रीय सुरक्षा, शांति और स्थिरता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। साथ ही तीनों देश सहयोगात्मक सुरक्षा ढांचे के माध्यम से क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान करने तथा संघर्ष के बजाय शांति और समृद्धि को प्राथमिकता देने पर जोर दे सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि तुर्की के राष्ट्रपति रजब तयृयब अर्दोगान, सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने 7 अगस्त को मक्का में इस साझा रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।

Exit mobile version