तल अवीव: इस्राईल की आंतरिक सुरक्षा एजेंसी शिन बेट ने नेतन्याहू के बेटे की अमेरिका से भागने की पुष्टि की है। ज़ायोनी खुफिया एजेंसी ने कहा है कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बेटे याइर नेतन्याहू को सुरक्षा कारणों से अमेरिका के मियामी से वापस इस्राईल बुलाया गया है।
अल जज़ीरा की रिपोर्ट के अनुसार, शिन बेट ने बताया कि याइर नेतन्याहू के खिलाफ एक “गंभीर खतरा” सामने आया था। हालांकि एजेंसी ने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह खतरा किस प्रकार का था और इसके पीछे कौन लोग थे।
यह बयान उस रिपोर्ट के बाद सामने आया है जिसमें कहा गया था कि दिसंबर 2025 में, जब याइर नेतन्याहू फ्लोरिडा में रह रहा था, तब उसे निशाना बनाकर हत्या की साजिश रची गई थी।
शिन बेट ने अपने बयान में दावा किया कि याइर नेतन्याहू को नुकसान पहुंचाने का गंभीर खतरा मौजूद था। सुरक्षा आकलन के बाद उसे तत्काल उसके सुरक्षा दल के साथ अमेरिका से बाहर निकालकर इस्राईल वापस लाने का निर्णय लिया गया।
इस्राईल के चैनल 12 ने भी अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि इस अचानक की गई कार्रवाई को अंजाम देने के लिए शिन बेट ने अपने कुछ अधिकारियों को न्यूयॉर्क से मियामी भेजा था। उस समय इस्राईल के राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग भी मियामी में मौजूद थे।
इस घटनाक्रम ने नेतन्याहू परिवार की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

