Site icon ISCPress

इस्राईल की हिफाज़त के लिए सऊदी अरब का इस्तेमाल कर रहा है अमेरिका

सनआ: मध्य पूर्व में गहराते संकट के बीच यमन ने सऊदी अरब को अमेरिका की चालबाज़ियों से खबरदार करते हुए कहा कि वह अमेरिका का खिलौना बनने से बचे ।

यमन का कहना है कि अमेरिका सऊदी अरब को इस्राईल की सुरक्षा के लिए इस्तेमाल कर रहा है

यमन के विदेश मंत्रालय के उप मंत्री अब्दुल वाहिद अबू रास ने सऊदी अरब और अमेरिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका सऊदी अरब को इस्राईल की सुरक्षा के लिए एक साधन की तरह इस्तेमाल कर रहा है।

यमनी अधिकारी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय सऊदी अरब को यमन में हमलों के लिए जिम्मेदार पक्ष के बजाय एक मध्यस्थ के रूप में देखता है, जिससे उसे अपनी नीतियां जारी रखने का मौका मिलता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सऊदी अरब ने यमन के बंदरगाहों, संसाधनों और राजनीतिक फैसलों पर नियंत्रण करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि दुनिया को यह समझना चाहिए कि यमन में संघर्ष के लिए जिम्मेदार पक्ष कौन है।

वहीं, यमन की संसद ने भी एक बयान जारी कर सऊदी अरब से अपनी नीतियों पर पुनर्विचार करने की अपील की। संसद ने कहा कि यमन पर दबाव, नाकाबंदी और सैन्य कार्रवाई जारी रहने से पूरे क्षेत्र में बड़ा युद्ध फैल सकता है।

यमन की संसद ने आरोप लगाया कि अमेरिका क्षेत्र में संघर्ष को बढ़ावा देकर मध्य-पूर्व के संसाधनों पर नियंत्रण चाहता है और यह सब इस्राईल की सुरक्षा के लिए किया जा रहा है।

बयान में सऊदी अरब से यमन के आंतरिक मामलों में दखल बंद करने और पड़ोसी देशों के साथ शांतिपूर्ण संबंध बनाए रखने की अपील की गई।

Exit mobile version