अंकारा: सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें तुर्की के राष्ट्रपति रजब तय्यब अर्दोगान को लेकर कई सनसनीखेज दावे किए गए हैं। पोस्ट में कहा गया है कि अर्दोगान को कैंसर हुआ था और उनकी जान बचाने के लिए इस्राईल की खुफिया एजेंसी मोसाद ने एक प्रसिद्ध डॉक्टर को तुर्की भेजा था।
वायरल विडियो के अनुसार, तल अवीव के इखीलोव अस्पताल के पूर्व प्रवक्ता आवी शोशान ने कथित रूप से कहा कि मोसाद के अनुरोध और तत्कालीन प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की मंजूरी के बाद एक इस्राईली डॉक्टर तुर्की गया और उसने राष्ट्रपति अर्दोगान का इलाज किया। पोस्ट में यह भी दावा किया गया है कि डॉक्टर ने अपनी निजी इच्छा से नहीं, बल्कि इस्राईल सरकार के प्रतिनिधि के रूप में यह इलाज किया।
हालांकि, इस दावे के समर्थन में कोई आधिकारिक दस्तावेज़, सरकारी बयान या विश्वसनीय अंतरराष्ट्रीय समाचार स्रोत उपलब्ध नहीं है। तुर्की सरकार, ज़ायोनी सरकार, मोसाद, इखीलोव अस्पताल या राष्ट्रपति अर्दोगान के कार्यालय की ओर से भी ऐसी किसी घटना की पुष्टि नहीं की गई है।
फिलहाल इस दावे को सत्यापित नहीं माना जा सकता। जब तक किसी विश्वसनीय और आधिकारिक स्रोत से इसकी पुष्टि न हो जाए, इसे केवल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक अपुष्ट दावे के रूप में ही देखा जाना चाहिए।
राष्ट्रपति अर्दोगान के कैंसर से पीड़ित होने और मोसाद द्वारा भेजे गए डॉक्टर से उनका इलाज कराने का दावा फिलहाल अपुष्ट है।

