बेरूत: लेबनान की संसद के अध्यक्ष नबीह बेरी ने कहा है कि लेबनान से जुड़े मामलों में सीरिया की कोई भूमिका नहीं है। उनका यह बयान उस समय आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और सीरिया के अंतरिम राष्ट्रपति अहमद अल-शरा के बीच हुई बातचीत को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने दावा किया था कि अहमद अल-शरा ने हिज़्बुल्लाह के खिलाफ कार्रवाई में मदद करने का भरोसा दिया है। इसी बीच नबीह बेरी ने साफ कहा कि इस मामले में सीरिया का कोई हस्तक्षेप नहीं है।
बेरी ने बताया कि पिछले सप्ताह उनकी सीरिया के विदेश मंत्री असद अल-शैबानी के साथ बैठक हुई थी, जिसमें सभी मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि लेबनान से जुड़े मामलों को समझने के लिए ईरान और अमेरिका के बीच हुए समझौता ज्ञापन (मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग) में दर्ज बातों को देखना चाहिए।
वहीं, लेबनान के राजनीतिक सूत्रों का कहना है कि संसद अध्यक्ष नबीह बेरी और राष्ट्रपति जोसेफ औन के बीच रिश्ते अभी भी तनावपूर्ण बने हुए हैं। बताया जा रहा है कि सऊदी अरब के विशेष दूत यज़ीद बिन फरहान की मध्यस्थता के बावजूद दोनों पक्षों के बीच मतभेद कम नहीं हुए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, अब तक केवल राष्ट्रपति के सलाहकार आंद्रे रहाल और सांसद अली हसन खलील के बीच सीमित स्तर पर बातचीत हुई है, लेकिन विवादित मुद्दों पर कोई ठोस प्रगति नहीं हो सकी है।

