महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता पर काम हो रहा है: सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए समर्पित है। सोमवार को वाराणसी के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने शिवपुर स्थित अन्नपूर्णा मंदिर ट्रस्ट के अन्नपूर्णा ऋषि कूल ब्रह्मचार्य आश्रम में आयोजित एक कार्यक्रम में लगभग 250 छात्राओं को प्रमाण पत्र, सिलाई-कढ़ाई मशीनें और लैपटॉप वितरित किए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा सरकार ने माताओं और बहनों को कोयले और गोबर के उपलों से मुक्ति दिलाई है। अब काशी जैसे शहरों में पाइपलाइन के ज़रिए गैस की आपूर्ति हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के नाम पर ज़मीन दी जा रही है, जिससे वे घर की मालिक बन रही हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक सिलाई मशीन भी पूरे परिवार की आर्थिक ज़रूरतें पूरी कर सकती है। कृषि के बाद वस्त्र उद्योग रोजगार का सबसे बड़ा साधन है, इसलिए इस क्षेत्र में महिलाओं को प्रशिक्षित कर आगे बढ़ाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि आज के कार्यक्रम में जिन 250 से अधिक बेटियों और बहनों को सिलाई मशीनें और कंप्यूटर दिए गए हैं, वे सभी बधाई की पात्र हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने आगे कहा कि सनातन धर्म ही समाज में सुरक्षा, शांति और सहयोग का मार्ग दिखाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का ज़िक्र करते हुए कहा कि इसी अभियान से माताओं, बहनों और बेटियों को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव आया है। शौचालय निर्माण, आवास और शिक्षा जैसी योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में सम्मान और स्वाभिमान का नया अध्याय जोड़ा है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सरकार की नीतियों से महिलाएं आगे बढ़ेंगी और उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भर भारत का अग्रणी राज्य बनेगा।

