प्रियंका, अखिलेश और स्टालिन के शामिल होने से मज़बूत होगी ‘वोटर अधिकार यात्रा’
बिहार में कांग्रेस की ‘वोटर अधिकार यात्रा‘ अब और मज़बूत होने जा रही है। आने वाले दिनों में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और सांसद प्रियंका गांधी तथा समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव भी इस यात्रा में शामिल होंगे। प्रियंका गांधी 26 और 27 अगस्त को बिहार दौरे पर रहेंगी और यात्रा में शामिल होंगी, जबकि अखिलेश यादव ने इस माह के अंतिम सप्ताह में जुड़ने का ऐलान किया है। वहीं, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के भी जल्द यात्रा में शामिल होने की संभावना है।
कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि “वोटर अधिकार यात्रा अब वोट चोरी के खिलाफ एक ऐतिहासिक आंदोलन बन चुकी है, जो न सिर्फ बिहार बल्कि पूरे भारत से लोगों का ध्यान खींच रही है। इसलिए आने वाले सप्ताह में “इंडिया गठबंधन” और कांग्रेस के शीर्ष नेता इसमें शामिल होंगे।” उन्होंने कई नेताओं के कार्यक्रम भी साझा किए।
वेणुगोपाल ने बताया कि 26 अगस्त को प्रियंका गांधी, 27 अगस्त को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन, 29 अगस्त को कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और 30 अगस्त को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव यात्रा में शामिल होंगे। इसके अलावा झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी जल्द जुड़ेंगे।
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एसआईआर और मतदाता सूची मामले को लेकर कांग्रेस और राजद समेत लगभग सभी विपक्षी दल यात्रा पर हैं। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव 17 अगस्त से पूरे बिहार का दौरा कर रहे हैं। अब इस यात्रा में प्रियंका गांधी की भागीदारी से ऊर्जा बढ़ने की उम्मीद है।
प्रियंका गांधी 26 और 27 अगस्त को दो दिवसीय बिहार प्रवास पर रहेंगी। 26 अगस्त को वे सुपौल ज़िले में और 27 अगस्त को सीतामढ़ी जाएँगी, जहाँ जानकी मंदिर में पूजा भी करेंगी। इस दौरान वे महिला मतदाताओं को सरकार की नाकामियों से रूबरू कराने की कोशिश करेंगी। खास बात यह है कि जिस दिन प्रियंका बिहार में होंगी, उसी दिन हरतालिका तीज व्रत भी होगा, जिससे महिलाओं के बीच उनकी मौजूदगी और अहम मानी जा रही है।
जहाँ प्रियंका गांधी का दौरा होगा, वह एनडीए का गढ़ माना जाता है। विपक्षी दलों की कोशिश है कि जैसे लोकसभा चुनाव में शाहाबाद क्षेत्र से एनडीए का सफाया हुआ, वैसे ही उत्तर बिहार में भी सफलता मिले और इसके लिए महिला वोटरों की अहम भूमिका है। उधर, प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब अखिलेश यादव से पूछा गया कि क्या वे राहुल गांधी की यात्रा में शामिल होंगे तो उन्होंने कहा, “यह राहुल गांधी की नहीं बल्कि ‘इंडिया गठबंधन’ की वोटर अधिकार यात्रा है।” उन्होंने किसानों की सुरक्षा और स्कूलों के विलय जैसे मुद्दों पर बीजेपी सरकार की आलोचना भी की।

