Site icon ISCPress

उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक की 28 MLC सीटों पर वोटों की गिनती जारी

उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक की 28 MLC सीटों पर वोटों की गिनती जारी

उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक की विधान परिषद की 28 सीटों पर मंगलवार सुबह 8 बजे से मतगणना जारी है। इस चुनाव के दौरान उत्तर प्रदेश और बिहार में हंगामे की घटनाएं सामने आई हैं। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बिना सील की मतपेटी मिलने पर प्रत्याशियों ने विरोध जताया। वहीं, पटना के बांकीपुर गर्ल्स स्कूल स्थित मतगणना केंद्र पर एक व्यक्ति के फाइल लेकर अंदर जाने के दौरान लोगों ने हंगामा किया और ‘वोट चोर’ के नारे लगाए।

उत्तर प्रदेश में 11 शिक्षक सीटों पर गिनती

उत्तर प्रदेश में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की 11 MLC सीटों पर मतगणना हो रही है। आगरा मंडल शिक्षक निर्वाचन सीट के चुनाव में गंभीर लापरवाही सामने आने पर चुनाव आयोग ने छह अधिकारियों को तत्काल निलंबित करने का आदेश दिया है। आयोग ने इन अधिकारियों के खिलाफ 10 दिन के भीतर आरोपपत्र दाखिल करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा 21 अन्य मतदानकर्मियों और पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई है।

बिहार में आठ सीटों पर मुकाबला

बिहार की आठ MLC सीटों के लिए पटना, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया और सारण में मतगणना हो रही है। पटना सीट पर जदयू के नीरज कुमार और जन सुराज पार्टी के अनुज सिंह के बीच मुकाबला महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मोकामा विधायक अनंत सिंह जन सुराज के उम्मीदवार का समर्थन कर रहे हैं। जदयू ने 24 अक्टूबर को अनंत सिंह को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था।

भाजपा ने बिहार में चार सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि उसकी सहयोगी जदयू बाकी चार सीटों पर चुनाव लड़ रही है। प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने सभी आठ सीटों पर प्रत्याशी खड़े किए हैं। मौजूदा विधान परिषद सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त हो रहा है।

महाराष्ट्र में महायुति और MVA के बीच टक्कर

महाराष्ट्र की पांच विधान परिषद सीटों पर सत्तारूढ़ महायुति और विपक्षी महाविकास अघाड़ी (MVA) के बीच मुकाबला है। चुनाव में कुल 182 उम्मीदवार मैदान में हैं। महायुति में भाजपा, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी शामिल हैं। वहीं, MVA में कांग्रेस, शरद पवार की एनसीपी (SP) और उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) शामिल हैं।

क्या है विधान परिषद और MLC चुनाव?

विधान परिषद राज्य के विधानमंडल का ऊपरी सदन है, जिसे राज्यसभा के समान समझा जा सकता है। इसके सदस्य छह साल के लिए चुने जाते हैं और हर दो साल में एक-तिहाई सदस्य सेवानिवृत्त होते हैं। यह स्थायी सदन है, जिसे विधानसभा की तरह भंग नहीं किया जा सकता।

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कम से कम तीन साल पहले स्नातक हुए पंजीकृत मतदाता वोट डाल सकते हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में माध्यमिक या उससे ऊपर के शिक्षण संस्थानों में कम से कम तीन साल का शिक्षण अनुभव जरूरी है। मतदाता बैलेट पेपर पर उम्मीदवारों के सामने 1, 2 और 3 लिखकर अपनी प्राथमिकताएं बताते हैं। फिलहाल उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में विधान परिषदें हैं।

Exit mobile version