Site icon ISCPress

वाराणसी किसी सरकार की जागीर नहीं: संजय सिंह

वाराणसी किसी सरकार की जागीर नहीं: संजय सिंह

मणिकर्णिका घाट मामले में वाराणसी पुलिस द्वारा भेजे गए नोटिस के जवाब में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा है कि काशी बाबा विश्वनाथ की है, किसी सरकार की जागीर नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण के नाम पर मणिकर्णिका घाट पर मौजूद प्राचीन शिवलिंगों, पौराणिक धरोहरों और माता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया गया है, जो सनातन आस्था पर सीधा हमला है।

गुरुवार को जारी एक बयान में संजय सिंह ने स्पष्ट किया कि उनके ‘एक्स’ हैंडल से साझा किए गए वीडियो और तथ्य मौके पर मौजूद लोगों के बयानों और प्रत्यक्ष प्रमाणों पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि मणिकर्णिका घाट, जिसे मोक्ष की भूमि माना जाता है, वहां विरासत स्वरूप संरक्षित ढांचों को तोड़ना किसी भी हालत में विकास नहीं कहा जा सकता।

उन्होंने सवाल उठाया कि तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती, जबकि सच सामने लाने वालों पर एफआईआर दर्ज कर दी जाती है। संजय सिंह ने कहा कि अगर सच दिखाना अपराध है, तो वे यह “अपराध” बार-बार करेंगे। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि आक्रांताओं जैसी मानसिकता आज सत्ता के संरक्षण में फिर से लौट आई है।

आम आदमी पार्टी ने इस एफआईआर को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और धार्मिक आस्था पर हमला बताते हुए मांग की है कि मणिकर्णिका घाट पर हुई तोड़फोड़ की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराई जाए, दोषियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए, प्रभावित धार्मिक संरचनाओं का पुनर्निर्माण कराया जाए और संजय सिंह के खिलाफ दर्ज मामला तुरंत वापस लिया जाए।

Exit mobile version