अमेरिका: ट्रंप ने भारतीय नेताओं और शीर्ष उद्योगपतियों के साथ मनाई दिवाली
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ओवल ऑफिस में अपने प्रशासन के प्रमुख भारतीय-अमेरिकी सदस्यों, मशहूर कारोबारियों और बड़ी कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ दिवाली मनाई। इनमें माइक्रोन टेक्नोलॉजी के सीईओ संजय मेहरोत्रा भी शामिल थे।
इस समारोह में अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा, मशहूर शेफ विकास खन्ना, उद्योगपति विशाल गोंडल, आईबीएम के सीईओ अरविंद कृष्णा, एफबीआई के निदेशक काश पटेल और अमेरिकी नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ के निदेशक जय भट्टाचार्य सहित कई प्रमुख हस्तियों ने हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम शुक्रवार को आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपति ट्रंप ने ओवल ऑफिस में एक दीया जलाकर की। इस दौरान आयोजित एक संक्षिप्त समारोह में विदेश मंत्री मार्को रुबियो और सोशल सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन के डिप्टी कमिश्नर अर्जुन मोदी भी मौजूद थे।
अन्य मेहमानों में ढल्ला ग्रुप ऑफ कंपनीज की अध्यक्ष और सीईओ रूबी ढल्ला, नेक सिस्टम्स के संस्थापक एवं सीईओ राजीव शर्मा, कैशम डीसी के अध्यक्ष विश्वजीत मलमपटी और राष्ट्रपति के मेहमान हेतल कुमार पटेल शामिल थे। इसके अलावा व्हाइट हाउस में कार्यक्रमों के आयोजन से जुड़े अरविंद चड्ढा भी मौजूद थे।
एक्स पर समारोह की तस्वीरें साझा करते हुए GOQii टेक्नोलॉजीज के संस्थापक और सीईओ विशाल गोंडल ने इस अवसर को ‘ओवल ऑफिस में साझा रोशनी का एक पल’ बताया।
उन्होंने कहा, “राष्ट्रपति के साथ दिवाली मनाने का सम्मान मिला। उन्हें हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट करके भी गर्व महसूस हुआ। यह गोस्वामी तुलसीदास द्वारा भगवान हनुमान के लिए रचित चालीसा है, जिसे हममें से लाखों लोग साहस, भक्ति और शक्ति प्राप्त करने के लिए पढ़ते हैं।”
गोंडल ने आगे कहा कि दीये जलाने के दौरान उनकी प्रार्थना थी कि भारत और अमेरिका के बीच दोस्ती मजबूत हो तथा अंधकार पर प्रकाश की जीत हो।
गौरतलब है कि अमेरिका की कुल आबादी में भारतीय-अमेरिकियों की हिस्सेदारी 2 प्रतिशत से भी कम है। इसके बावजूद माना जाता है कि इस समुदाय ने टेक्सास जैसे राज्यों में बड़े पैमाने पर डेमोक्रेटिक पार्टी को वोट दिया, जिससे डेमोक्रेट्स की ‘नीली लहर’ को मजबूती मिली।
व्हाइट हाउस में दिवाली समारोह
उल्लेखनीय है कि व्हाइट हाउस में दिवाली समारोह आयोजित करने की परंपरा पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू. बुश ने 2003 में शुरू की थी। शुरुआत में ये समारोह मुख्य रूप से आइजनहावर एग्जीक्यूटिव ऑफिस बिल्डिंग में आयोजित किए जाते थे। इनमें भारतीय-अमेरिकी समुदाय के सदस्य और भारतीय राजनयिक हिस्सा लेते थे। 2009 में राष्ट्रपति बराक ओबामा व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में आयोजित एक समारोह के दौरान दीया जलाने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बने। तब से दिवाली के अवसर पर दीप प्रज्ज्वलन समारोह व्हाइट हाउस के विभिन्न स्थानों पर आयोजित किए जाते रहे हैं। इनमें ओवल ऑफिस और रूजवेल्ट रूम भी शामिल हैं।

