केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के भांजे की गोली लगने से मौत
बिहार के नवगछिया में केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के दो भांजों के बीच गोलीबारी की वारदात सामने आई है। इस घटना में उनके एक भांजे की मौत हो गई है। नवगछिया के परबत्ता थाना अंतर्गत जगतपुर में एक भाई ने अपने सगे भाई पर गोली चला दी रिश्ते में ये दोनों भाई नित्यानंद राय के भांजे लगते हैं।
कहा जा रहा है पानी के विवाद को लेकर विश्वजीत यादव और जयजीत यादव में अनबन हुई। इसी विवाद में भाई-भाई में गोली चल गई। घटना में विश्वजीत की मौत हुई है। जयजीत को भी गोली लगी है। वह बुरी तरह घायल है।
घटना में नित्यानंद राय की चचेरी बहन भी गोली लगने से घायल हुई हैं। चिना देवी को बीचबचाव में गोली लग गई. घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। इस पूरे मामले को लेकर पुलिस छानबीन में जुट गई है। सीसीटीवी कैमरों से फुटेज को खंगाला जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक मृतक विश्वजीत यादव और जयजीत यादव दोनो एक ही मकान में साथ रहते थे। विश्वजीत बड़ा था और जयजीत छोटा। दोनों खेतीबाड़ी कर अपना जीवन यापन करते थे। बताया जा रहा है कि नल के पानी को लेकर दोनों में विवाद हुआ, जिसके बाद दोनों में मारपीट हो गई।
भाजपा एमएलसी डॉक्टर एनके यादव के अस्पताल में हिना देवी और जयजीत का इलाज किया जा रहा है। वहीं पुलिस ने विश्विजीत के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नवगछिया पुलिस अधीक्षक घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे। उनके नेतृत्व में मामले की जांच चल रही है।

