Site icon ISCPress

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, चलती कार में आग लगने से 5 लोगों की मौत

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, चलती कार में आग लगने से 5 लोगों की मौत

राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। यह हादसा लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के मौजपुर के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार से जा रही एक कार अचानक आग का गोला बन गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसमें सवार पांच लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं, एक पुरुष और एक बच्चा शामिल बताया जा रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सभी मृतक मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के निवासी थे और वैष्णो देवी के दर्शन कर टैक्सी से अपने घर लौट रहे थे। यात्रा के दौरान जब उनकी कार अलवर के मौजपुर क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी अचानक वाहन में आग लग गई। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि कार सीएनजी और पेट्रोल दोनों से चलने वाली थी तथा गैस रिसाव के कारण आग भड़क उठी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि कार में बैठे लोग संभल भी नहीं सके। हादसे के समय चालक ने जान बचाने के लिए चलती गाड़ी से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान तो बच गई, लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल जयपुर के Sawai Man Singh Hospital में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। शव बुरी तरह झुलस जाने के कारण उनकी पहचान मुश्किल हो गई है। पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त के लिए डीएनए जांच कराने का निर्णय लिया है। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।

Exit mobile version