दु:खद: हिमाचल प्रदेश में बस के भूस्खलन की चपेट में आने से 18 यात्रियों की मौत
देश के पहाड़ी राज्यों में शुरू हुआ प्राकृतिक आपदाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर से जुड़ा है। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में मंगलवार शाम एक निजी बस के भूस्खलन की चपेट में आने से कम से कम 18 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि अभी भी 15 से 20 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है, जिन्हें बचाने के लिए अभियान जारी है। तीन को बचा लिया गया।
मरने वालों में एक ही परिवार के चार सदस्य भी शामिल है। हादसे के समय बस में 30-35 यात्री सवार थे और यह मरोतन से घुमारवीं जा रही थी। अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना झंडूता विधानसभा क्षेत्र के भालूघाट इलाके में हुई। उन्होंने बताया कि बस में 30-35 यात्री सवार थे और यह मरोतन से घुमारवीं जा रही थी। इस क्षेत्र में सोमवार से रुक-रुककर बारिश हो रही है। पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और बचाव कार्य जारी है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है और अधिकारियों को बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय ने सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के हवाले से एक्स पर लिखा, ”बिलासपुर जिला के झंडूता विधानसभा क्षेत्र के बालूघाट (भल्लू पुल) के पास हुए भीषण भूस्खलन की खबर ने मन को भीतर तक झकझोर दिया है। इस भारी भूस्खलन में एक प्राइवेट बस के चपेट में आने से 10 लोगों के निधन का दु:खद समाचार मिला है और कई अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका है।”
इस दुखद हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन के कारण हुई बस दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

