भारत में आसियान देशों के पर्यटकों को मिलेगा मुफ़्त ई-वीज़ा: प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिलीपींस के दो दिवसीय दौरे के दौरान भारत और आसियान देशों के बीच समुद्री सहयोग बढ़ाने, साइबर अपराधों से निपटने और आपसी संपर्क को मजबूत करने से जुड़े कई अहम फैसलों की घोषणा की गई। इसके तहत आसियान देशों के पर्यटकों को मुफ़्त ई-वीज़ा देने, समुद्री सहयोग के लिए दीर्घकालिक योजना तैयार करने और क्षेत्र में साइबर फॉरेंसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने का ऐलान किया गया है।
विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि इन समझौतों और पहलों की घोषणा 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी की भागीदारी के बाद की गई। भारत और आसियान के बीच आपदा प्रबंधन में सहयोग को लेकर एक संयुक्त बयान भी जारी किया गया। वहीं, पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में ऑनलाइन धोखाधड़ी और उससे जुड़े अपराधों के खिलाफ सहयोग मज़बूत करने के साथ-साथ भविष्य में स्थिरता और नए अवसरों को लेकर दो घोषणाएं जारी की गईं।
भारत और आसियान देशों के बीच समुद्री संपर्क, वैज्ञानिक अनुसंधान, आपदा प्रबंधन, तटरक्षक बलों के बीच सहयोग, समुद्री गतिविधियों की निगरानी और नाविकों की सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए समुद्री सहयोग की एक दीर्घकालिक योजना तैयार की जाएगी।
इसके अलावा, क्षेत्र में क्षमता निर्माण के लिए संयुक्त साइबर फॉरेंसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने, परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में तकनीकी आदान-प्रदान और आसियान-भारत स्पेस हैकाथॉन आयोजित करने की भी घोषणा की गई। दोनों पक्ष खनन और महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ाएंगे। युवाओं के बीच आपसी संपर्क और सहयोग को मज़बूत करने के लिए युवा शिखर सम्मेलन, युवा सांसदों के आदान-प्रदान और स्टार्टअप हैकाथॉन का आयोजन किया जाएगा।
आसियान देशों के छात्रों के लिए नालंदा विश्वविद्यालय में छात्रवृत्तियों की संख्या बढ़ाने, वेव्स (WAVES) 2027 में आसियान-भारत रचनात्मक साझेदारी मंडप स्थापित करने और आसियान देशों के पर्यटकों को मुफ्त ई-वीजा देने की भी घोषणा की गई।
21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन के तहत नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त प्रशिक्षण और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए विशेष उपाय किए जाएंगे। इसके साथ ही सीमा पार अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराधों से पैदा होने वाले नए खतरों से निपटने के लिए राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय में पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन की साइबर अपराध संबंधी कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी।
इसके अलावा, गुजरात के लोथल में पूर्वी एशिया समुद्री विरासत महोत्सव और नालंदा में पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन विश्वविद्यालय सम्मेलन आयोजित करने की भी घोषणा की गई है। इन पहलों का उद्देश्य पूर्वी एशियाई देशों के साथ भारत के समुद्री विरासत संबंधी जुड़ाव और शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देना है।

