ISCPress

आज हरियाणा के किसानों ने सड़क जाम का एलान किया

आज हरियाणा के किसानों ने सड़क जाम का एलान किया

पंजाब के किसानों के दिल्ली कूच के बीच भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि आज ख़ानौरी बॉर्डर पर जो दुःखदायी घटना घटी है, उसे लेकर कल हरियाणा के सभी ज़िलों में सभी पदाधिकारी व किसान साथी  12 से 2 बजे तक रोड जाम करेगें। वहीं प्रदर्शन के दौरान पुतले फूंकने की कॉल रद्द कर दी गई है। चढ़ूनी आह्वान किया है कि सभी किसान साथी शांति पूर्वक रोड जाम करेंगे।

बता दें कि गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने इससे पहले 22 फरवरी को तहसील कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंकने का निर्णय लिया हुआ था, अब पुतला जलाने के कार्यक्रम को रद्द कर सिर्फ 2 घटें रोड जाम का निर्णय लिया है।

पंजाब के किसानों के आंदोलन का गुरुवार को 10वां दिन है। बुधवार को एक किसान की मौत और पुलिस के साथ हुई झड़प के बाद किसानों के दिल्ली मार्च को को दो दिनों के लिए टाल दिया गया है। किसानों के नेता सरवण सिंह पंढेर ने कहा है कि अगले दो दिन हम रणनीति बनाएंगे और इसके बाद आगे का फैसला लेंगे। इस बीच खबर है कि गुरुवार को संयुक्त किसान मोर्चा की चंड़ीगढ़ में एक अहम बैठक होने वाली है।  इसमें किसान आंदोलन को लेकर अहम रणनीति भी बन सकती है।

बुधवार को हरियाणा के खनौरी बॉर्डर पर पुलिस और किसानों की झड़प में एक किसान की मौत के बाद पंजाब के किसानों ने दिल्ली कूच करने की अपनी योजना को दो दिनों के लिए टाल देने की घोषणा की थी। किसानों के संगठन एआईकेएस का आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान किसान की जान गई है, जबकि हरियाणा पुलिस ने इस बात से इनकार किया है।

दिल्ली कूच करने की कोशिश कर रहे किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने कई जगहों पर बल प्रयोग किया था। किसानों ने बताया कि हरियाणा पुलिस ने आगे बढ़ रहे किसानों पर आंसू गैस के गोले दागे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पंजाब के 22 या 23 वर्ष के किसान शुभकरण सिंह की मौत सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हो गई थी। इसके साथ ही बुधवार को पुलिस के साथ झड़प में खनौरी और शंबू बॉर्डर पर दर्जनों किसानों को चोटें आई थी।

दूसरी तरफ इस बात का खंडन करते हुए हरियाणा पुलिस ने बुधवार को एक्स पर एक कर लिखा था कि अभी तक की प्राप्त जानकारी के अनुसार आज किसान आंदोलन में किसी भी किसान की मृत्यु नहीं हुई है। यह मात्र एक अफवाह है। दाता सिंह-खनोरी बॉर्डर पर दो पुलिसकर्मियों तथा एक प्रदर्शनकारी के घायल होने की सूचना है जो उपचाराधीन है।

Exit mobile version