ISCPress

बिहार सरकार को टिकैत की चेतावनी, 1 महीने में मामला सुलझा लें नहीं तो होगा आंदोलन

बिहार सरकार को टिकैत की चेतावनी, 1 महीने में मामला सुलझा लें नहीं तो होगा आंदोलन

किसान आंदोलन से चर्चा में आए भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने किसानों के समर्थन में बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर एक महीने के अंदर किसानों की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वह दोबारा आएंगे और आंदोलन करेंगे।

राकेश टिकैत ने बनारपुर गांव में किसानों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि यह नहीं चलेगा कि मुंबई की कंपनी यहां खेती करेगी और बिहार के लोग अन्य राज्यों में जाकर काम करेंगे। जमीन अधिग्रहण को लेकर उचित मुआवजे की मांग को लेकर आंदोलनरत किसानों से मिलने के बाद उन्होंने कहा कि यहां दिल्ली की तर्ज पर आंदोलन चलाया जाएगा।

राकेश टिकैत ने कहा कि भूमि अधिग्रहण क़ानून के अनुसार किसानों की अधिग्रहित ज़मीन का उचित मुआवज़ा सुनिश्चित किया जाना चाहिए , नहीं तो 20 फरवरी के बाद एक बार फिर बिहार में आकर पूरे राज्य में आंदोलन को तेज करेंगे और ट्रैक्टर रैली के माध्यम से पूरे बिहार के किसानों की समस्या को उठाएंगे।

टिकैत ने कहा कि किसान अपनी अधिग्रहित ज़मीन के लिए क़ुर्बानी देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कुछ दिनों पहले किसानों पर हुई लाठी चार्ज की तरफ इशारा करते हुए कहा कि अब किसान पीछे नहीं हटेंगे। किसान क़ुर्बानी देने के लिए तैयार हैं। टिकैत ने कहा कि 20 फरवरी के बाद इन्हीं खेतों में ट्रैक्टर चलाएंगे।

देश में अब किसानों पर लाठीचार्ज नहीं होगा, जिस दिन किसानों पर लाठीचार्ज होता है, उसी दिन से आंदोलन शुरू हो जाता है। उन्होंने कहा, “ये किसान अब कुर्बानियां देंगे, जिन महिलाओं पर लाठियां चली हैं, वही अब हल चलाएंगी, ट्रैक्टर चलाएंगी। अगर समझौता नहीं होगा तो काम भी हम नहीं करने देंगे और यहां के किसान भी एक महीने बाद ट्रैक्टर से यात्रा निकालेंगे।”

Exit mobile version