ISCPress

तिहाड़ जेल प्रशासन बीजेपी के इशारे पर काम कर रहा है: संजय सिंह

तिहाड़ जेल प्रशासन बीजेपी के इशारे पर काम कर रहा है: संजय सिंह

दिल्ली से आम आदमी पार्टी (आप) राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शनिवार सुबह मीडिया को संबोधित किया और बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए। आप नेता ने कहा कि तिहाड़ जेल प्रशासन बीजेपी के दबाव में काम कर रहा है। दिल्ली के चुने हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को उनकी पत्नी से मिलने नहीं दे रहा है। केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल को खिड़की से मिलवाया जा रहा है।

इसके साथ ही संजय सिंह ने आरोप लगाया कि आज तक किसी चुने हुए मुख्यमंत्री को दूसरे मुख्यमंत्री से जेल में खिड़की में मिलना पड़ा है। किसी को भी नहीं, लेकिन तिहाड़ जेल प्रशासन ने पंजाब के सीएम भगवंत मान को सीएम केजरीवाल से मिलने के लिए मुलाकाती जंगले की जगह तय की है। केन्द्र सरकार की तानाशाही इस समय पराकाष्ठा पर है।

संजय सिंह का कहना है, ”जब अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने उनसे मिलने के लिए आवेदन किया तो उनसे कहा गया कि आप उनसे आमने-सामने नहीं बल्कि खिड़की के जरिए मिल सकती हैं। सीएम की पत्नी से ऐसा अमानवीय व्यवहार क्यों? यह एक अमानवीय कृत्य है”

संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, “मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ कह रहा हूं कि खूंखार अपराधियों को भी बैरक में मिलने की इजाजत है, लेकिन दिल्ली के तीन बार के सीएम को अपनी पत्नी से एक खिड़की के माध्यम से मिलने की इजाजत है।

दिल्ली आबकारी नीति मामले में संजय सिंह करीब छह माह तक जेल में रहने के बाद जमानत पर 3 अप्रैल 2024 को रिहा हो गए। वह सबसे पहले अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल, मनीष सिसोदिया की पत्नी सीमा सिसोदिया और सत्येंद्र जैन की पत्नी पूनज जैन से मिले।

तिहाड़ जेल से रिहा होने के बाद से वह बीजेपी के खिलाफ और ज्यादा आक्रामक नजर आने लगे हैं। जेल के बाहर आने के बाद वो आम आदमी पार्टी की गतिविधियों और लोकसभा चुनाव को लेकर सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने नौ अप्रैल को पंजाब के सीएम भगवंत मान से भी मुलाकात की।

Exit mobile version