चुनाव आयोग अब निष्पक्ष संस्था नहीं रह गया: ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग द्वारा शुरू की गई वोटर लिस्ट की विशेष गहन पुनरीक्षा (SIR) पर एक बार फिर सवाल उठाए हैं। SIR के खिलाफ आयोजित रैली में उन्होंने कहा कि जब SIR के बाद वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट जारी होगा, तभी लोगों को चुनाव आयोग और बीजेपी द्वारा पैदा किए गए संकट का सही अंदाज़ा होगा। उन्होंने हाल ही में हुए बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर भी कई आरोप लगाए।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनौती देते हुए कहा कि अगर बीजेपी बंगाल में मुझे नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगी, तो मैं पूरे भारत में उसकी बुनियाद हिला दूंगी। उनके अनुसार, बिहार चुनाव का नतीजा SIR की झलक है और विपक्ष वहां बीजेपी की चाल समझ नहीं पाया। उन्होंने कहा कि अगर SIR को 2 से 3 साल में किया जाए, तो वे इस प्रक्रिया का हर तरह से समर्थन करेंगी।
SIR-विरोधी रैली में ममता बनर्जी ने कहा कि चुनाव आयोग अब निष्पक्ष संस्था नहीं रह गया है, यह ‘बीजेपी कमीशन’ बन गया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी राजनीतिक रूप से उनका मुकाबला नहीं कर सकती और न ही उन्हें हरा सकती है, इसलिए यह पूरा नाटक रचा जा रहा है। उन्होंने यह भी पूछा कि अगर SIR का उद्देश्य बांग्लादेशी नागरिकों को वोटर लिस्ट से हटाना है तो मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में यही प्रक्रिया क्यों की जा रही है?
बांग्लादेश के संदर्भ में ममता बनर्जी ने कहा कि “मैं बांग्लादेश को एक देश के रूप में प्यार करती हूं, क्योंकि मेरी और वहां की भाषा एक ही है। मैं बीरभूम में पैदा हुई, वरना बीजेपी वाले मुझे भी बांग्लादेशी बता देते।” उन्होंने यह सवाल भी किया कि घुसपैठिये देश में कहां से आ रहे हैं? क्या यह अमित शाह की जिम्मेदारी नहीं है?

