बिहार चुनाव में तेजस्वी यादव होंगे “इंंडिया गठबंधन” का चेहरा: कांग्रेस
बिहार में कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव आरजेडी के साथ मिलकर ही लड़ेगी। दिल्ली में मंगलवार को कांग्रेस आला कमान के साथ बिहार के पार्टी नेताओं की हुई बैठक में यह फैसला लिया गया।
हालांकि, राहुल गांधी और खड़गे के साथ बिहार नेताओं के साथ हुई बैठक में पार्टी के ज्यादातर नेताओं की राय थी कि गठबंधन में सम्मानजनक सीटों पर समझौता करना चाहिए। सीट बंटवारे पर पार्टी किसी दबाव में ना आए।
कांग्रेस सांसद अखिलेश सिंह ने कहा है कि इसमें कोई कन्फ्यूजन नहीं है कि बिहार में तेजस्वी यादव ही INDIA गठबंधन का चेहरा होंगे। RJD बिहार की बड़ी पार्टी है और जाहिर सी बात है कि वह सीटें भी ज़्यादा लाएगी। ऐसे में तेजस्वी की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। पिछले चुनावों में भी तेजस्वी के नाम की सहमति बनी थी।
आरजेडी के साथ गठबंधन बरकार रखते हुए कांग्रेस ने चुनाव लड़ने की रूपरेखा बनाई है, लेकिन प्रदेश में आत्मनिर्भर बनने के चक्कर में आरजेडी के साथ रिश्ते में पड़ी गांठ को सुलझाने की चुनौती जस की तस बनी हुई है।
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी एक्सरसाइज शुरू कर दी है। कांग्रेस काफी गंभीरता और मजबूती के साथ 2025 का चुनाव लड़ने की रणनीति पर काम शुरू कर चुकी है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और प्रभारी के बदलाव के बाद मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकर्जुन खरगे और राहुल गांधी ने दिल्ली ऑफिस में बिहार के नेताओं के साथ मंथन किया।
कांग्रेस के नए अध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा कि बिहार में जिस तरह से गठबंधन को लेकर एक भ्रम की स्थिति पैदा की जा रही है, वैसा कुछ भी नहीं है। आगामी चुनाव में इंडिया गठबंधन के अपने साथियों के साथ मिलकर ही चुनाव लड़ेंगे। बिहार में हमारे गठबंधन का स्वरूप कायम है।
इस तरह कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) और लेफ्ट पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। बिहार में 2024 के लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के तहत आरजेडी, कांग्रेस, वामपंथी दल और मुकेश साहनी की वीआईपी पार्टी शामिल थी।

