ISCPress

तमिल सुपरस्टार विजय ने नई राजनीतिक पार्टी की घोषणा की

तमिल सुपरस्टार विजय ने नई राजनीतिक पार्टी की घोषणा की

तमिल सुपरस्टार थलापति विजय जल्‍द ही फिल्‍म इंडस्‍ट्री को अलविदा कहने वाले हैं। अब वे राजनीति में अपना हाथ आजमाएंगे। थलापति विजय ने किसी राजनीतिक पार्टी को ज्वाइन नहीं कर रहे हैं, बल्कि उन्होंने खुद अपनी अलग राजनीतिक पार्टी बनाई है।

उन्होंने शुक्रवार को अपनी राजनीतिक पार्टी ‘तमिलगा वेट्ट्री कजगम’ की घोषणा की। एक्टर ने कहा कि वे फिलहाल अपनी फिल्‍म ‘द गोट लाइफ’ की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं
इसके बाद वो पूरी तरह से फिल्‍मी करियर को अलविदा कह देंगे और राजनीतिक क‍रियर का आगाज करेंगे।

अपनी पार्टी की घोषणा करते हुए एक बयान में विजय ने कहा कि उनकी पार्टी 2026 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी, लेकिन आगामी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेगी। सुपरस्टार विजय ने पहले ही अपने फैन ग्रुप को विजय मक्कल अय्यकम के रूप में पंजीकृत कर लिया था, जिसने 2021 में स्थानीय निकाय चुनाव लड़ा था और 115 सीटें भी जीती थी।

उन्‍होंने कहा कि हमारा उद्देश्य 2026 का विधानसभा चुनाव लड़ना और लोगों के लिए आवश्यक मूलभूत राजनीतिक परिवर्तन लाना है।

तमिल अभिनेता ने कहा, “एक ओर जहां समाज और प्रशासन में भ्रष्टाचार की संस्कृति राज्य की राजनीति को परेशान कर रही है, वहीं दूसरी ओर नफरत और विभाजन की राजनीति है। वास्तव में हर कोई निःस्वार्थ, पारदर्शी, जाति-धर्म के मामले और भ्रष्टाचार रहित शासन की उम्मीद कर रहा है।”

तमिल सुपरस्टार ने यह भी कहा कि पक्षपात और भ्रष्टाचार रहित ऐसी राजनीति समानता की तमिल संस्कृति और राज्य की राजनीतिक परंपराओं के अनुरूप होनी चाहिए, जो संविधान का सम्मान करती है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के पदाधिकारियों का चयन लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा और पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ेगी।

उन्होंने कहा, ‘मैंने जो प्रोजेक्ट्स अभी साइन किए है, उसे मैं पूरा करूंगा, यह सुनिश्चित करते हुए कि इससे मेरी राजनीतिक सेवा प्रभावित न हो। और, मैं तमिलनाडु के लोगों की पूरी तरह से सेवा करने के लिए इस यात्रा पर निकलूंगा। मेरा मानना है कि यह तमिलनाडु के लोगों के प्रति मेरा आभार है।

Exit mobile version