ISCPress

सुप्रीम कोर्ट ने संविधान का इस्तेमाल करते हुए कल तानाशाही को कुचल दिया: मनीष सिसोदिया

सुप्रीम कोर्ट ने संविधान का इस्तेमाल करते हुए कल तानाशाही को कुचल दिया: मनीष सिसोदिया

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्व डिप्टी CM मनीष सिसोदिया ने आप ऑफिस में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा- सुप्रीम कोर्ट ने संविधान का इस्तेमाल करते हुए कल तानाशाही को कुचला। केजरीवाल भी जल्द बाहर आएंगे। भगवान के घर में देर है, अंधेर नहीं है। सिसोदिया ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग संविधान से ज्यादा ताकतवर नहीं हैं।

सिसोदिया ने यहां पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को इस ‘‘तानाशाही’’ के खिलाफ लड़ना होगा जो न केवल नेताओं को जेल में डाल रही है बल्कि नागरिकों को भी परेशान कर रही है। शुक्रवार रात को मनीष सिसोदिया अपने घर पहुंचने से पहले केजरीवाल के घर पहुंचे। यहां उन्होंने केजरीवाल के परिवार से मुलाकात की। शनिवार सुबह उन्होंने X पर पत्नी के साथ चाय पीते हुए तस्वीर शेयर की। इसके बाद करीब 9 बजे वे कनॉट प्लेस के हनुमान मंदिर पहुंचे।

व्यापारियों को ‘‘फर्जी मामलों में सलाखों के पीछे डाला दिया गया
मंदिर में दर्शन के बाद सिसोदिया ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके साथ आप सरकार के मंत्री भी थे। करीब 11 बजे सिसोदिया ने आप ऑफिस पहुंचे। उन्होंने नेताओं से मुलाकात करने के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। आम आदमी पार्टी के नेता ने दावा किया कि जब वे जेल में थे तो उन्हें जमानत मिलने की चिंता नहीं थी लेकिन उन्हें यह देखकर पीड़ा हुई कि व्यापारियों को ‘‘फर्जी मामलों में सलाखों के पीछे डाला दिया गया है वो भी सिर्फ इसलिए कि उन्होंने भाजपा को चंदा नहीं दिया।’’

केजरीवाल ईमानदारी के प्रतीक हैं
अपने संबोधन में सिसोदिया ने पार्टी प्रमुख एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का जिक्र किया और उन्हें देश में ईमानदारी का प्रतीक करार दिया। केजरीवाल भी इसी मामले में तिहाड़ जेल में बंद है। सिसोदिया ने कहा कि केजरीवाल के काम को बदनाम करने की साजिशें रची जा रही हैं और अगर विपक्ष के नेता इस तानाशाही के खिलाफ एकजुट हो जाएं तो केजरीवाल 24 घंटे में जेल से बाहर आ जाएंगे।

बता दें कि, सिसोदिया को दिल्ली शराब नीति केस को लेकर 26 फरवरी 2023 को CBI ने और 9 मार्च 2023 को ED ने गिरफ्तार किया था। 17 महीने बाद शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें दोनों मामलों में जमानत दी थी। वे शुक्रवार शाम करीब 6 बजे तिहाड़ से बाहर आए।

विनेश के साथ गलत हुआ, उसने पूरी दुनिया में देश का मान बढ़ाया
हमारे देश की बेटी विनेश ने दुनियाभर में हमारा मान बढ़ाया। वह जंतर-मंतर पर खड़े होकर कहती है कि BJP के सांसद ने हमें छेड़ा है तो केंद्र सरकार उस सांसद को गिरफ़्तार तक नहीं करती। इसके उलट सोशल मीडिया पर उस बेटी को ट्रोल किया जाता है। यह तानाशाही नहीं है तो और क्या है? उस बेटी के साथ बहुत गलत हुआ है। सबको पता है कि यह किसने किया है।

मेरे लिए अभिषेक मनु सिंघवी भगवान स्वरूप हैं
बाबा साहेब ने 75 साल पहले ही अंदाजा लगा लिया था कि देश में तानाशाही बढ़ जाएगी। तानाशाह सरकार जब एजेंसियों का दुरुपयोग करेगी तो हमें कौन बचाएगा? बाबा साहेब ने लिखा था कि संविधान बचाएगा। मैं उन वकीलों का भी शुक्रगुजार हूं जो यह लड़ाई लड़ रहे थे। मेरे लिए अभिषेक मनु सिंघवी भगवान स्वरूप हैं।

Exit mobile version