ISCPress

“सुनीता विलियम्स” पूरे भारत को आपकी उपलब्धियों पर गर्व है: खड़गे

“सुनीता विलियम्स” पूरे भारत को आपकी उपलब्धियों पर गर्व है: खड़गे

भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनके तीन सहकर्मी अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से सफलतापूर्वक पृथ्वी पर लौट आए हैं। नासा के स्पेसएक्स क्रू-9 मिशन के तहत उन्होंने बुधवार (19 मार्च) को भारतीय समयानुसार 3:27 बजे फ्लोरिडा के तट पर लैंडिंग की। इस दल में बुच विल्मोर, निक हेग और अलेक्जेंडर गोरबुनोव भी शामिल थे।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स की पृथ्वी पर सुरक्षित वापसी पर बुधवार को प्रसन्नता जताई और कहा कि उनकी सफलता अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़े उत्साही लोगों के लिए प्रेरणा और मानवीय उपलब्धियों का प्रमाण है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने इस बात का उल्लेख किया कि भारत ने वैज्ञानिक सोच और जिज्ञासा की भावना को बढ़ावा देने का लगातार समर्थन किया है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस महत्वपूर्ण अवसर का जश्न मनाने में हमारे अंतरिक्ष यात्रियों, वैज्ञानिकों, अंतरिक्ष इंजीनियरों और शोधकर्ताओं के साथ शामिल होता हूं जो मानवता की सेवा में आधी रात को भी लगे हुए हैं।

खड़गे ने कहा, ‘‘हम सामूहिक रूप से अंतरिक्ष अन्वेषण के क्षेत्र में वैश्विक उपलब्धियों का जश्न मनाते हैं। यह एक ऐसा क्षेत्र है जो संकीर्ण दृष्टिकोण और पूर्वाग्रही सोच की सीमाओं से परे है। हम मानवता के लिए आपकी अमूल्य सेवा के लिए अपनी हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करते हैं।

बता दें कि, सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर ने 6 जून 2024 को बोइंग के स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान से ISS की यात्रा की थी। वहीं निक हेग और अलेक्जेंडर गोरबुनोव 29 सितंबर 2024 को स्पेसएक्स के ड्रैगन फ्रीडम यान के जरिए स्टेशन पहुंचे थे। क्रू-9 की वापसी भी इसी यान से संभव हुई जिसने सितंबर से स्टेशन पर डॉकिंग की हुई थी।

Exit mobile version