Site icon ISCPress

भारत और मलेशिया के बीच रणनीतिक साझेदारी और मजबूत होगी: पीएम मोदी

भारत और मलेशिया के बीच रणनीतिक साझेदारी और मजबूत होगी: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उम्मीद जताई है कि उनके मलेशिया दौरे से दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी और अधिक सुदृढ़ होगी। शनिवार को मलेशिया के दो दिवसीय दौरे पर रवाना होने से पहले अपने बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों का लक्ष्य रक्षा और सुरक्षा संबंधों को और गहरा करना, आर्थिक और नवाचार आधारित साझेदारी को बढ़ावा देना तथा सहयोग को नए क्षेत्रों तक विस्तारित करना है। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि वह मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के निमंत्रण पर आधिकारिक यात्रा पर जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा,
“भारत और मलेशिया के बीच ऐतिहासिक संबंधों में हाल के वर्षों में लगातार प्रगति हुई है। मैं प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ अपनी बातचीत को लेकर उत्सुक हूं और आशा करता हूं कि हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी और मजबूत होगी। हमारा उद्देश्य रक्षा और सुरक्षा संबंधों को गहराई देना, आर्थिक और नवाचार साझेदारी को प्रोत्साहित करना तथा सहयोग को नए क्षेत्रों तक विस्तार देना है।”

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि वह मलेशिया में रहने वाले भारतीय समुदाय से मिलने को लेकर उत्साहित हैं।

उन्होंने कहा,
“मैं मलेशिया में भारतीय समुदाय से मिलने के लिए भी उत्सुक हूं। उनकी संख्या लगभग 30 लाख है और वे दुनिया के सबसे बड़े भारतीय प्रवासी समुदायों में से एक हैं। मलेशिया के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका और दोनों देशों के बीच सेतु के रूप में उनकी स्थिति हमारी ऐतिहासिक मित्रता को मजबूत आधार प्रदान करती है।”

Exit mobile version