Site icon ISCPress

स्पेस स्टार्टअप कभी असंभव था, आज असलियत है: पीएम मोदी

स्पेस स्टार्टअप कभी असंभव था, आज असलियत है: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में कहा कि भारत में कभी स्पेस स्टार्टअप और सेमीकंडक्टर निर्माण को असंभव माना जाता था, लेकिन आज ये सपने हकीकत बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की युवा पीढ़ी को अपनी सोच सीमित नहीं करनी चाहिए और राष्ट्र की चुनौतियों का समाधान खोजने के लिए आगे आना चाहिए।

IIT खड़गपुर की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी ने करीब 23 मिनट का संबोधन दिया। उन्होंने संस्थान की उपलब्धियों, देश में नवाचार, तकनीकी विकास और युवाओं की भूमिका पर चर्चा की।

प्रधानमंत्री ने सेमीकंडक्टर उद्योग का उदाहरण देते हुए कहा कि करीब 50 साल पहले भारत में एक कंपनी सेमीकंडक्टर निर्माण के लिए आई थी, लेकिन उसे लाल झंडा दिखाकर रोक दिया गया। उस समय सवाल उठाए गए कि जब दूसरे देश यह काम कर रहे हैं, तो भारत को इसकी क्या जरूरत है और इससे देश को क्या हासिल होगा।

पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने इन आशंकाओं की परवाह नहीं की। प्रधानमंत्री बनने के बाद अधिकारियों के साथ बैठकर फाइलें तैयार करवाईं और सेमीकंडक्टर क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए कदम उठाए। उनके मुताबिक, पिछले चार वर्षों में कई कंपनियां भारत आई हैं और उत्पादन शुरू किया है। देश में सेमीकंडक्टर की 12 प्लांट सुविधाएं हैं। इनमें माइक्रोन टेक्नोलॉजी, केन्स सेमीकॉन, सीजी सेमी, कॉन्टिनेंटल डिवाइस इंडिया और सुचि सेमीकॉन में उत्पादन शुरू हो चुका है।

IIT खड़गपुर ने बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन तक का सफर देखा

प्रधानमंत्री ने कहा कि IIT खड़गपुर उस धरती पर स्थापित हुआ, जहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों का डिटेंशन कैंप हुआ करता था। बंगाल की भूमि ने राष्ट्रीय आंदोलन को दिशा दी है। उन्होंने कहा कि 75 वर्षों में भारत ने बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन और डाकपत्रों से सोशल मीडिया तक का बदलाव देखा है। पीएम मोदी ने छात्रों, कर्मचारियों और पूर्व छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि IIT की यादें जीवनभर साथ रहती हैं और अक्सर चाय पर चर्चा के दौरान इन्हें याद किया जाता है।

युवाओं के लिए खोला गया अंतरिक्ष क्षेत्र

पीएम मोदी ने कहा कि पहले अंतरिक्ष क्षेत्र में इसरो ही प्रमुख मंच था और युवाओं की भागीदारी सीमित थी। सरकार ने अंतरिक्ष क्षेत्र को युवाओं और निजी कंपनियों के लिए खोला। उन्होंने स्काईरूट का उल्लेख करते हुए कहा कि IIT खड़गपुर के छात्र द्वारा शुरू किए गए इस स्टार्टअप ने निजी अंतरिक्ष क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। आज कई स्पेस स्टार्टअप तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि 2047 तक आज के कई युवा नेतृत्व की जिम्मेदारियों में होंगे। इसलिए उनकी हर सफलता देश के लिए महत्वपूर्ण होगी। युवाओं का मूल मंत्र ‘नेशन फर्स्ट’ होना चाहिए।प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ लोग अपनी सोच पर सीमाएं लगा लेते हैं, जिसे ‘लिमिटिंग बिलीफ्स’ कहा जाता है। यह व्यक्ति के सपनों, प्रतिभा और देश की क्षमता को सीमित करता है। उन्होंने युवाओं से चुनौतियों को चुनौती देने और असंभव समझे जाने वाले कार्यों को संभव बनाने का आह्वान किया।

Exit mobile version