ISCPress

सोनिया गाँधी ने लगाया भाजपा पर आरोप, भड़का रही है नफरत की आग

सोनिया गाँधी ने लगाया भाजपा पर आरोप, भड़का रही है नफरत की आग

कांग्रेस के 85वें राष्ट्रीय अधिवेशन के दूसरे दिन शनिवार को पूर्व प्रमुख सोनिया गांधी ने संबोधित किया है। इस दौरान सोनिया गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए भी कई बाते कहीं। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आरोप लगाया है कि भाजपा नफरत की आग भड़का रही है तथा अल्पसंख्यकों, दलितों, आदिवासियों और महिलाओं को निशाना बनाया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का तीन दिवसीय महाधिवेशन चल रहा है। इस महाधिवेशन में कांग्रेस के समस्त बड़े नेता भाग ले रहे हैं। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने महाधिवेशन में आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने सभी संस्थाओं पर कब्जा कर लिया है और विपक्ष की आवाज दबाने के साथ नफरत की आग भड़काई जा रही है।

साथ ही सोनिया गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ‘भाजपा-आरएसएस’ की सरकार ने सभी संस्थाओं पर कब्जा कर लिया है तथा विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है। उन्होंने अध्यक्ष के तौर पर अपनी पारी का उल्लेख करते हुए कहा कि यह मेरे लिए सम्मान की बात थी कि मैंने वर्ष 1998 में कांग्रेस अध्यक्ष पद संभाला। उन्होंने कहा कि 25 वर्षों में पार्टी ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की और निराशा भी हाथ लगी। यह बहुत सुखद स्थिति है कि अध्यक्ष के तौर पर उनकी पारी ‘भारत जोड़ो यात्रा‘ के साथ पूरी हुई।

उन्होने कहा कि मनमोहन सिंह के सक्षम नेतृत्व के साथ 2004 और 2009 में हमारी जीत ने मुझे व्यक्तिगत संतुष्टि दी लेकिन मुझे सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि मेरी पारी भारत जोड़ो यात्रा के साथ समाप्त हुई, जो कांग्रेस के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ था। सोनिया गाँधी ने कहा कि इस यात्रा ने कांग्रेस और लोगों के बीच संवाद की विरासत को समृद्ध किया है। उन्होंने यात्रा के लिए राहुल गांधी को धन्यवाद दिया।

Exit mobile version