Site icon ISCPress

शिवपाल यादव ने पुत्र मोह में अपनी पार्टी का सपा में विलय किया: आरएलडी 

शिवपाल यादव ने पुत्र मोह में अपनी पार्टी का सपा में विलय किया: आरएलडी 

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव के बयान से एक नया सियासी विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल, शिवपाल यादव ने रविवार (21 सितंबर 2025) को उत्तर प्रदेश के शामली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भविष्य में गठबंधन की संभावनाओं पर सवाल पूछे जाने पर कहा कि “धोखेबाजों के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा, उनसे दूर ही रहना होगा।” उनके इस बयान के बाद रालोद ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

रालोद नेता रोहित अग्रवाल ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर शिवपाल और सपा पर सीधा हमला बोला। उन्होंने लिखा, “समाजवादी पार्टी ने सिवाय धोखे के आज तक दिया ही क्या है? पहले मुलायम सिंह यादव ने चौधरी अजीत सिंह जी को धोखा देकर पार्टी बनाई थी। उसके बाद अखिलेश यादव ने अपने चाचा शिवपाल यादव को धोखा देकर पार्टी पर कब्जा कर लिया।”

यही नहीं, रोहित अग्रवाल ने शिवपाल यादव के राजनीतिक सफर पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि शिवपाल यादव ने पुत्र मोह में अपनी पार्टी का पुनः सपा में विलय कर दिया और अपने सभी कार्यकर्ताओं को सड़क पर छोड़ दिया। यह इतिहास का सबसे बड़ा धोखा था। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि शिवपाल यादव अपनी पार्टी बनाकर एक-एक सीट के लिए तरसते रहे थे।

शिवपाल यादव का यह बयान उस समय आया जब वे शामली में सपा एमएलसी किरणपाल कश्यप के घर पहुंचे थे। यहीं पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में रालोद को लेकर अपना रुख साफ करते हुए कहा कि “धोखेबाजों” से दूरी बनाए रखना जरूरी है।

अब इस बयान के बाद सपा और रालोद के बीच तनाव बढ़ गया है। रोहित अग्रवाल के तीखे हमले से यह साफ है कि रालोद, शिवपाल के बयान को हल्के में लेने के मूड में नहीं है। राजनीतिक हलकों में इसे उत्तर प्रदेश की आगामी सियासत के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Exit mobile version