आत्मनिर्भर सेनाएं ही सशक्त भारत की नींव हैं: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को गोवा में INS विक्रांत पर नौसैनिकों के साथ दिवाली मनाई। यह लगातार 12वां साल है जब उन्होंने जवानों के बीच दिवाली बिताई। अपने 40 मिनट के संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि INS विक्रांत “आत्मनिर्भर भारत” और “मेड इन इंडिया” का प्रतीक है, जिसने पाकिस्तान की नींद उड़ा दी है। उन्होंने कहा, “जिसका नाम ही दुश्मन का चैन छीन ले, वही INS विक्रांत है।”
हमारी सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान को घुटने पर ला दिया:
पीएम मोदी ने तीनों सेनाओं के समन्वय की सराहना करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय नौसेना, वायुसेना और थलसेना ने मिलकर पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने बताया कि 2014 से पहले देश के 125 जिले माओवादी हिंसा की चपेट में थे, जो अब घटकर केवल 11 रह गए हैं। “100 से ज्यादा जिले आज माओवादी आतंक से मुक्त होकर आजादी और खुशी की दिवाली मना रहे हैं,” उन्होंने कहा।
प्रधानमंत्री ने नौसैनिकों से बातचीत की और “बड़ा खाना” कार्यक्रम में शामिल हुए, जो सेनाओं में एकता और सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “आपकी तपस्या और समर्पण को महसूस किया है, यह जीवन का एक कठिन साधना मार्ग है।”
भारतीय नौसेना ने विदेशों में फंसे नागरिकों को बचाने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई
पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय नौसेना ने विदेशों में फंसे नागरिकों को बचाने और वैश्विक संकटों में सहायता करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने उदाहरण दिए कि मालदीव में ऑपरेशन नीर और इंडोनेशिया में सुनामी के समय भारत ने तुरंत मदद पहुंचाई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि “भारत के हर द्वीप पर अब नौसेना तिरंगा फहरा रही है” और भारत आज ग्लोबल साउथ के विकास में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि “हर 40 दिन में एक स्वदेशी युद्धपोत या पनडुब्बी नौसेना में शामिल हो रही है।” ब्रह्मोस और आकाश मिसाइलों की सफलता पर गर्व जताते हुए कहा कि “भारत अब रक्षा उपकरणों का बड़ा निर्यातक बनने की राह पर है,” और डिफेंस एक्सपोर्ट 30 गुना बढ़ चुका है।
अंत में पीएम मोदी ने कहा कि “जब देश के पास अपने दम पर युद्ध लड़ने की क्षमता हो, तब उसका पलड़ा भारी होता है। आत्मनिर्भर सेनाएं ही सशक्त भारत की नींव हैं।” उन्होंने जवानों को सैल्यूट करते हुए कहा कि उनके साथ दिवाली मनाना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है।

