बिहार सर्वे में युवाओं के बीच राहुल गांधी सबसे लोकप्रिय नेता
बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 की सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं। बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को खत्म हो रहा है, इसलिए उससे पहले चुनाव प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है। यानी जल्द ही चुनाव की तारीखों के ऐलान होने की संभावना है। विधानसभा चुनाव से पहले Poll Tracker ओपिनियन पोल में चौंकाने वाला आंकड़ा सामने आया है। सर्वे के मुताबिक, राज्य के युवाओं के बीच राहुल गांधी सबसे लोकप्रिय नेता बनकर उभरे हैं।
पोल ट्रैकर के ओपिनियन पोल के मुताबिक, बिहार में वोटरों का रुझान रोचक तस्वीर पेश कर रहा है। सर्वे में इंडिया गठबंधन (RJD, कांग्रेस और अन्य सहयोगी) को 44.2% वोट मिलने का अनुमान है, जो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से थोड़ा आगे है। NDA, जिसमें बीजेपी, जेडीयू, चिराग पासवान की LJP और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी शामिल हैं, को 42.8% वोट मिलने की संभावना जताई गई है।
बिहार में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। एक बार फिर मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच होने जा रहा है, लेकिन इस बार समीकरण कुछ बदले हुए हैं। इस सर्वे में युवाओं से पूछा गया कि उनकी पसंदीदा राष्ट्रीय नेता कौन है? जवाब में 47% युवाओं ने राहुल गांधी का नाम लिया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 39% वोट मिले. बाकी 14% वोट अन्य नेताओं को मिले।
बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों में बहुमत के लिए 122 सीटें चाहिए। पोल ट्रैकर के ताजा ओपिनियन पोल के अनुसार, इंडिया गठबंधन को 126 सीटें मिल सकती हैं, जो बहुमत के आंकड़े से ज्यादा है। वहीं, NDA को 112 सीटें, जनसुराज को 1 सीट और अन्य दलों को 8 सीटें मिलने का अनुमान है। इससे पहले 8 जून को हुए पोल ट्रैकर के सर्वे में इंडिया गठबंधन को 121-131 सीटें और NDA को 108-115 सीटें मिलने की बात कही गई थी। दोनों सर्वे में इंडिया गठबंधन को बढ़त मिलती दिख रही है, लेकिन अभी भी दो-तीन महीने बाकी हैं, जिसमें समीकरण बदल सकते हैं।

