ISCPress

प्रियंका ने बेरोज़गारी और महंगाई पर सरकार को घेरा , जातिवाद से पेट नहीं भरेगा

प्रियंका ने बेरोज़गारी और महंगाई पर सरकार को घेरा , जातिवाद से पेट नहीं भरेगा

कांग्रेस महासचिव और तेजतर्रार नेता प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को एक बार फिर राज्य सरकार को जमकर निशाने पर लिया।

प्रियंका गांधी में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के अंतर्गत मतदाताओं को एक वर्चुअल रैली के माध्यम से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत राज्य की बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा।

उत्तर प्रदेश के मतदाताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस की प्रतिज्ञा रैली में पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी और महंगाई को मुख्य समस्या बताते हुए कहा कि राज्य में मुख्य समस्या महंगाई है, बेरोजगारी है, महिलाओं की सुरक्षा है, साथ ही किसानों की बड़ी-बड़ी समस्याएं हैं।

प्रियंका ने कहा कि मैं जानती हूं आप किस तरह से अपना घर परिवार है चला रहे हैं। किस प्रकार रोजी-रोटी कमा रहे हैं। महंगाई चरम पर है। पेट्रोल डीजल के दाम इतने बढ़ चुके हैं कि आम आदमी खरीद नहीं पाता। ₹1000 का गैस सिलेंडर भरने लायक पैसे नहीं होते। प्रियंका गांधी ने सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा है कि सरकार ने आपको भगवान के भरोसे पर छोड़ दिया है। इन समस्याओं का सामना खुद आपको करना पड़ रहा है।

प्रधानमंत्री के दो मित्र एशिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में नंबर एक और नंबर दो पर पहुंच चुके हैं। भाजपा सरकार अपने उद्योगपति मित्रों के लिए सब कुछ कर रही है। देश की संपदा अपने दोस्तों को सौंप रही है। बड़े उद्योगपति फल फूल रहे हैं। जो छोटे दुकानदार हैं, मझोले उद्योग हैं, छोटी-छोटी यूनिट चलाने वाले हैं उनके लिए कुछ नहीं है। गरीब और मिडिल क्लास के लिए सरकार के पास कुछ नहीं है।

प्रियंका गांधी ने सरकार को निशाने पर लेकर कहा कि मैं जहाँ जाती हूं लोग कहते हैं कि रोजी रोटी कमाना मुश्किल हो गया है। महंगाई इतनी ज्यादा है कि कुछ खरीद नहीं सकते। बेरोजगारी से लोग परेशान हैं और गरीबी बढ़ रही है। कांग्रेस ने पिछले 10 सालों के शासन में जितने लोगों को गरीबी से निकाला था उससे ज्यादा लोग इस सरकार में गरीबी रेखा के नीचे जा चुके हैं। सच्चाई यही है कि जाति और धर्म के नाम पर आपका पेट नहीं भरेगा। धर्म और जाति की बातों से पेट नहीं भरा जा सकता। आप अपने बच्चों को क्या इसीलिए शिक्षा दिलाते हैं कि बड़े होकर एक दूसरे से लड़े ? आप अपने बच्चों को इसलिए शिक्षा दिलवाते हैं कि वह रोज़गार ढूंढे, अपना भविष्य बनएं।

प्रियंका गांधी ने कांग्रेस घोषणा पत्र में किए गए वादों को याद दिलाते हुए कहा कि हम किसानों के कर्ज माफ करेंगे। गेहूं धान के लिए ₹2500 प्रति कुंतल दाम तय करेंगे। गन्ने का मूल्य ₹400 प्रति क्विंटल होगा। आवारा पशुओं की समस्या से निजात दिलाएंगे। कोरोना काल में दुकानदारों, छोटे व्यापारियों का बिजली बिल का बकाया माफ करेंगे। सबको आधे दाम पर बिजली देंगे तथा प्रदेश में 20 लाख रोजगार देंगे।

कांग्रेस ने युवाओं के लिए भी लोक लुभावने वादे करते हुए एक स्पेशल भर्ती आयोग के गठन का वादा करते हुए कहा कि जॉब कैलेंडर बनेगा। जिसमें हर भर्ती की परीक्षा तिथि, रिजल्ट तिथि तथा नियुक्ति तिथि होगी तथा साथ ही कानून बनाएंगे ताकि जॉब कैलेंडर के आधार पर भर्ती ना होने पर कार्यवाही की जा सके।

प्रियंका गांधी ने साथ ही कहा कि यह सिर्फ खोखले वादे नहीं हैं बल्कि हम आपको बता रहे हैं कि यह किस तरह किया जाएगा।

Exit mobile version