ISCPress

प्रियंका गांधी ने असम बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की

प्रियंका गांधी ने असम बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने असम में बाढ़ की स्थिति पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे प्रभावित लोगों की मदद के लिए राहत और बचाव कार्यों में सक्रिय रूप से हिस्सा लें। इसके साथ ही प्रियंका गांधी ने केंद्र और राज्य सरकार से भी प्रभावित लोगों को हर संभव मदद प्रदान करने की अपील की।

प्रियंका गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “असम में बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में मौतों की खबर बहुत दुखद है। लगातार बिगड़ती हुई स्थिति के कारण लाखों लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं। काजीरंगा में बड़ी संख्या में जानवर भी मर गए हैं और कई घायल हैं। असम के लोगों से हम संवेदना व्यक्त करते हैं। मैं कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील करती हूं कि वे राहत और बचाव के कार्यों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें। राज्य और केंद्र सरकारों से मेरी अपील है कि वे प्रभावित लोगों की हर संभव मदद करें।”

इससे पहले कांग्रेस के सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी असम में विनाशकारी बाढ़ पर चिंता व्यक्त की थी। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में लिखा, “असम में बाढ़ की स्थिति खतरनाक होती जा रही है। मेरी सहानुभूति बाढ़ से जूझ रहे अपने भाइयों और बहनों के साथ है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। मैं कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि वे बचाव और पुनर्वास कार्यों में मदद करें।”

राहुल गांधी ने आगे लिखा, “मैं केंद्र और राज्य सरकारों से अपील करता हूं कि प्रभावित लोगों को सहानुभूति और तेजी से हर संभव मदद प्रदान करें।” ज्ञात हो कि असम में बाढ़ से 30 जिलों के 24 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि अब तक 50 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।

Exit mobile version