Site icon ISCPress

हरियाणा की तरह बिहार में ‘चुनाव चोरी’ करने की तैयारी: प्रियंका गांधी

हरियाणा की तरह बिहार में ‘चुनाव चोरी’ करने की तैयारी: प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए ) हरियाणा की तरह बिहार में भी विधानसभा चुनाव को चोरी करने की तैयारी में है। उन्होंने पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी और मधुबनी जिलों में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए यह भी दावा किया कि निर्वाचन आयोग देश के संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों को कमजोर करने के लिए सरकार के साथ मिलकर काम कर रहा है।

प्रियंका गांधी ने राहुल गांधी के हरियाणा में कथित ‘वोट चोरी’ से संबंधित संवाददाता सम्मेलन का हवाला देते हुए कहा, ‘‘जिस तरह उन्होंने (एनडीए) हरियाणा में पूरा चुनाव चुरा लिया, उसी तरह वे बिहार में भी 65 लाख वोटों को नामावली से हटाकर ऐसा ही करने की तैयारी कर रहे हैं।’’

उनका कहना था, ‘‘ऐसी ‘वोट चोरी’ से आपके अधिकार छीने जाते हैं। इससे वह संविधान कमजोर होता है, जिसके लिए महात्मा गांधी जी लड़े, मेरे परिवार के लोग शहीद हुए।’’ प्रियंका गांधी ने जनता का आह्वान किया, ‘‘आप बिहार में एक ऐसी सरकार बनाइए, जो महिलाओं, युवाओं, किसानों, गरीबों के लिए काम करे- ‘वोट चोरी’ न करे।’’

उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दो निर्वाचन आयुक्तों एस एस सिंधू और विवेक जोशी का उल्लेख करते हुए दावा किया, ‘‘ये चुनाव आयोग के सबसे ऊंचे अधिकारी हैं, जो देश के संविधान और लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। ये तीन लोग आपके अधिकार छीन रहे हैं। इनके नाम याद कर लीजिए। इनको पद और आयोग के पीछे छिपने मत दीजिए।’’

कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘‘जो लोग देश के साथ विश्वासघात कर रहे हैं, उन्हें देश भूलेगा नहीं। नरेन्द्र मोदी जी को मैं चुनौती देती हूं कि वो निष्पक्ष चुनाव कराएं। देखते हैं कि कौन जीतता है?’’

उन्होंने कहा, “राहुल गांधी की लड़ाई आपके और सच्चाई के लिए है, वह वही लड़ाई लड़ रहे हैं जो कभी महात्मा गांधी ने लड़ी थी। प्रियंका गांधी ने दावा किया कि विधानसभा चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से कराए गए तो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार उखाड़ फेंकी जाएगी और उसकी जगह एक ऐसी सरकार आएगी जो गरीबों, महिलाओं और युवाओं के लिए काम करेगी।

प्रियंका गांधी ने कहा, “भाजपा नेता लोगों से धर्म के नाम पर राजग को वोट देने का आग्रह करते हैं, न कि विकास के लिए। अगर यह चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष हुआ, तो बिहार के लोग इस सरकार को उखाड़ फेंकेंगे और ऐसी सरकार को चुनेंगे जो गरीबों, महिलाओं और युवाओं के लिए काम करेगी।’

Exit mobile version