Site icon ISCPress

SIR प्रक्रिया के ख़िलाफ़ बेंगलुरु में प्रकाश राज भी सड़क पर उतरे

SIR प्रक्रिया के ख़िलाफ़ बेंगलुरु में प्रकाश राज भी सड़क पर उतरे

SIR की प्रक्रिया के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाते हुए और इसे रद्द करने की मांग को लेकर मंगलवार को बेंगलुरु में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन में कन्नड़, तेलुगु और मलयालम फिल्मों के अभिनेता किशोर तथा मशहूर अभिनेता प्रकाश राज भी शामिल हुए।

CPI, DSS और कई अन्य संगठनों के सदस्यों ने फ्रीडम पार्क में ‘एडिडेलु कर्नाटक’ के बैनर तले आयोजित विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने ‘चलो चुनाव आयोग’ के नारे लगाते हुए फ्रीडम पार्क से कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के कार्यालय तक मार्च करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें रास्ते में ही हिरासत में ले लिया गया।

‘एडिडेलु कर्नाटक’ की तारा राव ने बताया कि प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रदर्शन स्थल पर आकर उनके सवालों का जवाब दें, लेकिन वह वहां नहीं आए। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने खुद CEO कर्नाटक के कार्यालय की ओर मार्च करने का फैसला किया।

सामाजिक कार्यकर्ता के. एल. अशोक ने कहा, “हमारी चार मांगें हैं और हम चाहते हैं कि चुनाव अधिकारी उनका जवाब दें और उन पर कार्रवाई करें।”

उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि SIR को रद्द किया जाए। अधिकारियों को सभी आवश्यक इंतजाम करने चाहिए, ताकि अनुपस्थित, स्थानांतरित हो चुके, मृत, डुप्लीकेट और अन्य श्रेणियों में दर्ज 1.07 करोड़ लोगों के नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल किए जाएं। इसके अलावा ‘तार्किक विसंगति’ (Logical Inconsistency) की श्रेणी में दर्ज 43 लाख लोगों के मामलों का भी समाधान किया जाए।”

उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी समस्या उन लोगों की है जो बार-बार अपना घर बदलते रहते हैं। चुनाव आयोग को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि ऐसे लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए न जाएं।

प्रकाश राज ने भी मीडिया से बातचीत में कहा, “SIR को रद्द करना ही होगा। जब तक इसे रद्द नहीं किया जाता, कर्नाटक चैन से नहीं बैठेगा। हम अदालत का रुख करेंगे और देश के एक-एक नागरिक के अधिकार के लिए लड़ाई लड़ेंगे।”

उन्होंने चुनाव आयोग की मनमानी के साथ-साथ मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा, “SIR करवाने वाले चुनाव आयुक्त की नियुक्ति ही गैर-लोकतांत्रिक तरीके से हुई है।”

Exit mobile version