फ्लाईदुबई के पायलट स्मित माछर से पीएम मोदी ने फोन पर बात कर, बहादुरी की सराहना की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्लाईदुबई की उड़ान के पायलट कैप्टन स्मित माछर से फोन पर बातचीत कर उनका हालचाल जाना। प्रधानमंत्री ने इस दौरान उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उस घटना के दौरान उनके साहस, धैर्य और सूझबूझ की सराहना की। कैप्टन स्मित ने प्रधानमंत्री को अपने अनुभव के बारे में बताया और यह भी साझा किया कि मुश्किल परिस्थिति के दौरान उन्हें किस तरह हिम्मत मिली और उन्होंने स्थिति का सामना किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कैप्टन स्मित के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि जिस तरह से स्मित ने कठिन परिस्थितियों में धैर्य और साहस का परिचय दिया, वह प्रशंसनीय है।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कैप्टन स्मित माछर के परिवार के सदस्यों से भी फोन पर बातचीत की थी। प्रधानमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया और स्मित के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इसके बाद यूपीएससी के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने देशवासियों से कैप्टन स्मित के लिए प्रार्थना करने की अपील भी की थी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि बुधवार को हुई घटना के दौरान भारत के कैप्टन स्मित ने असाधारण धैर्य, सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि कैप्टन का यह पराक्रम पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा था कि इस घटना के संदर्भ में इस्राईल के प्रधानमंत्री ने भी टिप्पणी की है कि भारत ने एक बड़ी त्रासदी को होने से रोक दिया। मोदी ने कहा कि कैप्टन स्मित की बहादुरी ने देशवासियों को गौरवान्वित किया है और पूरी दुनिया में उनके साहस की चर्चा हो रही है।
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से अपील की कि वे कैप्टन स्मित के जल्द स्वस्थ होने और दीर्घायु के लिए प्रार्थना करें तथा उनके साहस और कर्तव्यनिष्ठा का सम्मान करें। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में दिखाई गई उनकी सूझबूझ और साहस देश के लिए प्रेरणादायक है।

