Site icon ISCPress

भारत दौरे पर पीएम मोदी ने बालेन शाह का गर्मजोशी से किया स्वागत

भारत दौरे पर पीएम मोदी ने बालेन शाह का गर्मजोशी से किया स्वागत

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह का भारत दौरे के दौरान राष्ट्रपति भवन में भव्य स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके आगमन पर गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें गले लगाया। इसके बाद बालेन शाह को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन शाह के बीच करीब 100 मिनट तक द्विपक्षीय बैठक हुई। इसमें दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करने और आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की गई। बैठक में दोनों पक्षों के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बैठक में तीन महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। इनमें नेपाल को विशेष आर्थिक पैकेज देना, व्यापार के लिए गुजरात के कांडला और ओडिशा के पारादीप बंदरगाहों तक पहुंच उपलब्ध कराना तथा अयोध्या और जनकपुरधाम के बीच रेल सेवा शुरू करना शामिल है।

बालेन शाह ने प्रधानमंत्री मोदी को पशुपतिनाथ मंदिर का प्रसाद भेंट किया। उन्होंने लकड़ी के कलात्मक डिब्बे में रुद्राक्ष, शालिग्राम और चंदन दिया। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें गंगाजल से भरा कलश भेंट किया। नेपाली दूतावास की ओर से भी मोदी को मच्छिंद्रनाथ से जुड़ा उपहार दिया गया।

अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच पहली ट्रेन आज से शुरू होने जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह सरयू कमला एक्सप्रेस का उद्घाटन करेंगे। अयोध्या कैंट और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस का नियमित संचालन 28 नवंबर से शुरू होगा। यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन दोनों ओर से चलेगी। इससे धार्मिक पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

इस दौरे से नेपाली युवाओं की भारतीय सेना में गोरखा भर्ती फिर शुरू होने की उम्मीद भी जगी है। अग्निपथ योजना को लेकर नेपाल की आपत्ति के कारण 2022 से भर्ती बंद है। दोनों देशों के बीच इस मुद्दे पर सहमति बनने से लंबे समय से रुकी भर्ती का रास्ता खुल सकता है।

नेपाल को बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई के लिए 2 अरब डॉलर चाहिए

नेपाल इस समय आर्थिक मदद चाहता है। अगस्त 2026 में वहां आई बाढ़ और भूस्खलन से बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ था। इस आपदा में करीब 1,500 लोगों की मौत हुई और 5,200 से ज्यादा लोग लापता हो गए। कई सड़कें, पुल, घर और बिजली परियोजनाएं भी तबाह हो गईं। प्रभावित इलाकों को दोबारा बसाने और जरूरी सुविधाएं शुरू करने के लिए नेपाल को बड़ी रकम की जरूरत है। इसी वजह से उसने भारत से करीब 2 अरब डॉलर यानी लगभग 18 हजार करोड़ रुपए की मदद मांगी है।

काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, नेपाल चाहता है कि उसे आसान शर्तों पर कर्ज और आर्थिक मदद मिले। इस पैसे का इस्तेमाल बाढ़ प्रभावित इलाकों को फिर से बसाने और विकास परियोजनाओं को पूरा करने में किया जाएगा।

Exit mobile version