ISCPress

संसद सुरक्षा चूक मामला: मास्टरमाइंड ललित झा ने किया सरेंडर

संसद सुरक्षा चूक मामला: मास्टरमाइंड ललित झा ने किया सरेंडर

संसद की सुरक्षा में चूक के मामले में दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले में मास्टरमाइंड ललित झा ने गुरुवार रात को दिल्ली पुलिस के सामने समर्पण कर दिया। इस बात की जानकारी दिल्ली पुलिस ने दी है. फिलहाल आरोपी ललित से पूछताछ की जा रही है।

संसद सुरक्षा उल्लंघन मामले पुलिस ने इससे पहले पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन ललित के बारे में कहीं कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। इससे पहले खबर आई थी कि ये राजस्थान में कहीं छिपा बैठा है लेकिन इसने खुद की थाने में पहुंचकर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। ललित घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। ललित को इस घटना में मास्टर माइंड बताया जा रहा था और इसकी तलाश में पुलिस लगातार जगह-जगह छापे मार रही थी।

इससे पहले गुरुवार को इस सिलसिले में गिरफ्तार किए गए चार मुख्य आरोपियों, सागर शर्मा, मनोरंजन डी., नीलम आज़ाद और अमोल शिंदे को दिल्ली की एक अदालत ने सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। मनोरंजन मैसूर का रहने वाला, जबकि सागर लखनऊ का, नीलम हरियाणा के जिंद की रहने वाली है, जबकि अमोल महाराष्ट्र के लातूर का रहने वाला है।

पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में उनके और बिहार के मूल निवासी झा के खिलाफ दर्ज मामले में धारा 120-बी (आपराधिक साजिश), 452 (अतिक्रमण), 153 (दंगा भड़काने के इरादे से उकसाना), 186 (लोक सेवकों के काम में बाधा डालना), भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 353 (लोक सेवकों को कर्तव्य से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल), साथ ही गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) की धारा 16 और 18 लगाई गई है।

बता दें कि संसद पर आतंकी हमले की 22वीं बरसी पर एक बार फिर से सेंध लग गई। लोकसभा की कार्यवाही के दौरान 2 युवक दर्शक दीर्घा से कूद गए। और स्मॉग क्रेकर फोड़ अफरातफरी मचा दी। मामले को लेकर अब दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की। UAPA के तहत केस दर्ज किया गया। मामले को लेकर जांच के लिए स्पेशल सेल ने विशेष टीमों का गठन किया है। स्पेशल सेल सभी पहलुओं पर अलग अलग एंगल से जांच कर रही है।

पूछताछ के दौरान सामने आयी जानकारी में आरोपी ललित ने हंगामे का वीडियो बनाया था। हंगामा बढ़ने पर ललित सभी मोबाइल लेकर फरार हो गया। लेकिन इसके बाद अब खुद ललित ने ही सरेंडर कर दिया है। खबरों में कहा गया है कि पांचों आरोपियों ने घटना से पहले रात गुरुग्राम के सेक्टर 7 में विक्रम उर्फ विक्की शर्मा नाम के व्यक्ति के आवास पर बिताई थी। वे बुधवार सुबह 8 बजे घर से निकले थे। मामले के सिलसिले में हिरासत में लिए गए विक्रम और उसकी पत्‍नी राखी को घंटों पूछताछ के बाद गुरुवार शाम को जाने दिया गया।

Exit mobile version